Home > देश > पाक सेना ने पुंछ जिले के देगवार सेक्टर में दागे मोर्टार

पाक सेना ने पुंछ जिले के देगवार सेक्टर में दागे मोर्टार

-भारतीय जवान भी दे रहे हैं पाकिस्तानी गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब - भयभीत ग्रामीण अपने घरों में ही छिपे या फिर जान बचाने की गरज से बंकरों में चले गए

पाक सेना ने पुंछ जिले के देगवार सेक्टर में दागे मोर्टार
X

पुंछ। पाकिस्तान तकरीबन हर रोज जम्मू-कश्मीर की नियंत्रण रेखा तथा अंतरराष्ट्रीय सीमा पर संघर्ष विराम का उल्लंघन जारी रखे हुए है। इसी के चलते सोमवार को एक बार फिर पाकिस्तानी सेना ने जम्मू संभाग के पुंछ जिले की नियंत्रण रेखा पर स्थित देगवार सेक्टर में भारी गोलाबारी की जो समाचार लिखे जाने तक जारी है। भारतीय जवान भी पाकिस्तानी गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं।

पाकिस्तान जिले की नियंत्रण रेखा के करीब बसे देगवार सेक्टर में स्थित भारतीय चौकियों तथा रिहायशी इलाकों को निशाना बनाते हुए भारी गोलाबारी करने के साथ ही मोर्टार भी दाग रहा है। भारतीय जवान भी पाकिस्तान की इस नापाक हरकत का मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं। इस गोलीबारी में फिलहाल किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। समाचार लिखे जाने तक दोनों ओर से गोलीबारी जारी है। नियंत्रण रेखा पर लगातार की जा रही भारी गोलीबारी से यहां के ग्रामीण भयभीत हैं। कुछ लोग अपने घरों में ही दुबक कर रह गए हैं। बड़ी संख्या में लोग जान बचाने की गरज से अपने घरों को छोड़ बंकरों में चले गए हैं।

इससे पहले पाकिस्तान ने रविवार को भी संघर्ष विराम का उल्लंघन करके पुंछ जिले के देगवार, करमाड़ा तथा राजौरी जिले के नौशहरा के लाम व कलाल सेक्टरों में सेना की चौकियों के साथ ही रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर गोलाबारी की थी।

Updated : 7 Oct 2019 1:33 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top