Home > देश > अब अयोध्या की भूमि पर भव्य राम मंदिर बनेगा : राजनाथ सिंह

अब अयोध्या की भूमि पर भव्य राम मंदिर बनेगा : राजनाथ सिंह

-पलामू जिले के पांडू में भाजपा के रामचंद्र चंद्रवंशी के पक्ष में राजनाथ सिंह ने की चुनावी सभा -कहा, राफेल मिलने से अपनी भूमि से ही आतंकवादियों को खत्म करने की ताकत हासिल हुई -देश को मजबूत बनाना है, किसी को बंदूक लेकर चलने की इजाजत नहीं देंगे

अब अयोध्या की भूमि पर भव्य राम मंदिर बनेगा : राजनाथ सिंह
X

रांची। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा की सरकार जो कहती है, वह करके रहती है। भाजपा ने जो-जो कहा, वह किया। अयोध्या में श्रीराम की जन्मभूमि पर रामलला का मंदिर बनने का मार्ग साफ हो चुका है। अब अयोध्या की भूमि पर भव्य राम मंदिर बनेगा।

राजनाथ सिंह रविवार को पलामू जिले के पांडू में भाजपा उम्मीदवार रामचंद्र चंद्रवंशी के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी के केंद्र की सत्ता में आने के बाद एक भी भ्रष्टाचार के मामले नहीं हुए, जो गर्व की बात है। भ्रष्टाचार से समझौता करने की नीति भारतीय जनता पार्टी की नहीं है। देश को राफेल हासिल करने के बाद आतंक का सफाया करने के लिए पाकिस्तान की जमीन पर जाने की आवश्यकता नहीं है। अब अपनी भूमि से ही आतंकवादियों को खत्म करने ताकत हासिल हो गई है। सैन्य शक्ति के मामले में अब कोई दुश्मन देश हमें चुनौती नहीं दे सकता। 30 साल पहले की सरकारों ने आतंक को खत्म करने की दिशा में ईमानदारी से प्रयास किया होता तो आज भारत की तस्वीर दुनिया में अलग नजर आती। यह मोदी की सरकार है, जिसने आतंक को पाकिस्तान में घुसकर मारा।

रक्षा मंत्री ने कहा कि अंतराष्ट्रीय जगत में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है। पाकिस्तान में आतंकवाद उद्योग बन गया है। हमारी सरकार बनने के बाद कश्मीर को छोड़कर पूरे देश में कहीं भी बड़ी आतंकवादी घटना नहीं हुई। आतंकवाद के खात्मे के मुद्दे पर सारी दुनिया एकमत है। उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद देश में एक कानून है। तीन तलाक को खत्म कर दिया।

चुटकी बजाकर 370 और 35ए खत्म किया, मोदी का सीना 56 नहीं 65 इंच का

राजनाथ सिंह ने कहा कि हमने कहा था कि भारत में एक संविधान और एक निशान होगा। भारतीय जनता पार्टी वह ताकत है कि जैसे ही संसद में पूर्ण बहुमत मिला, बिना किसी देरी चुटकी बजाकर अनुच्छेद 370 और 35ए को खत्म कर दिया और तीन तलाक को गैर कानूनी बना दिया। देश में दो संविधान और दो विधान अब नहीं चलेगा। एक ही झटके में प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रीय मसले को खत्म कर साफ कर दिया कि उनका सीना 56 नहीं 65 इंच का है। अब पूरे जम्मू-कश्मीर समेत पूरे देश में एक ही संविधान और एक निशान है।

नक्सली अपनी हरकतों से बाज आएं

राजनाथ सिंह ने कहा कि झारखंड में नक्सल गतिधियों से काफी राहत मिली है। नक्सली चुनाव में थोड़ी हरकतें कर रहे हैं लेकिन सीने का बटन खोलकर और बंदूक लेकर चलने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी। मैं फिर से कहना चाहता हूं कि देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। नक्सली अपनी हरकतों से बाज आएं।

झारखंड के विकास के लिए जितना हो सका, हमने किया

रक्षा मंत्री ने कहा कि झारखंड राज्य के विकास के लिए जितना हो सका, हमने किया है। गरीबों ने कभी सोचा नहीं था कि घर में गैस सिलेंडर आएगा। मुख्यमंत्री रघुवर दास को मैं धन्यवाद देना चाहता हूं कि उनके प्रयास से झारखंड में लाभुकों को गैस सिलेंडर के साथ चूल्हे भी दिये गये। ये भी हमारी सरकार का फैसला है कि लोगों को कुएं से पानी खींचकर नहीं लाना पड़ेगा। हम घर-घर में नल लगवाएंगे। गांव-गांव में बिजली पहुंची है।

2022 तक हर परिवार के पास अपना घर

राजनाथ सिंह ने कहा कि लोग कहते थे कि भाजपा वाले केवल कहते हैं, करते नहीं हैं। लोकसभा चुनाव में बहुमत आने पर हमने जो कहा, वो पूरा किया। भाजपा का प्रयास है कि हिंदुस्तान में हर व्यक्ति के पास अपना घर हो। हमलोगों ने दूसरों से ज्यादा तेजी से काम किया है। 2022 समाप्त होते-होते एक भी परिवार ऐसा नहीं बचेगा, जिसके पास अपना घर नहीं होगा।

Updated : 24 Nov 2019 3:03 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top