Home > देश > 69 के हुए मोदी, देशभर से मिल रही है शुभकामनाएं

69 के हुए मोदी, देशभर से मिल रही है शुभकामनाएं

69 के हुए मोदी, देशभर से मिल रही है शुभकामनाएं
X

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने 69वें जन्मदिन के अवसर पर गुजरात में हैं। यहां वो नर्मदा जिले के कवडिया में पूजा अर्चना के बाद दोपहर के समय मां का आशीर्वाद लेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री को बधाई देने वालों की भरमार है। इस क्रम में उपराष्ट्रपति, लोकसभा अध्यक्ष और भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के अध्यक्ष एवं गृहमंत्री अमित शाह समेत कई भाजपा एवं अन्य दलों को नेताओं ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं हैं।

उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने ट्विट कर लिखा, 'नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर जनसेवा के लिए प्रतिबद्ध उनके यशस्वी सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूं। आपका व्यक्तित्व और कृतित्व देशवासियों के लिए सदैव अनुकरणीय प्रेरणा स्रोत रहा है।' उन्होंने एक अन्य ट्वीट में लिखा, 'आपके ओजस्वी नेतृत्व में नए भारत की नवाकांक्षाओं से प्रेरित रचनात्मक जन आंदोलनों को देश के नागरिकों ने सहर्ष अंगीकार किया है, हर देशवासी राष्ट्र निर्माण के इस यज्ञ की सफलता के प्रति आशान्वित और प्रतिबद्ध है।'

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने ट्वीट संदेश में लिखा, 'प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की अनंत शुभकामनाएं। आपके विलक्षण नेतृत्व में देश नए कीर्तिमान हासिल कर प्रगति पथ पर अग्रसर होगा, ऐसी कामना के साथ पुनः आपको मेरी मंगलकामनाएं।'

भाजपा अध्यक्ष एवं गृहमंत्री अमित शाह ने लिखा, 'दृढ़ इच्छाशक्ति, निर्णायक नेतृत्व और अथक परिश्रम के प्रतीक देश के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं।' उन्होंने लिखा, 'आपके नेतृत्व में उभरते नए भारत ने विश्व में एक मजबूत, सुरक्षित और विश्वसनीय राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बनाई है।' उन्होंने लिखा, 'विकास के साथ-साथ भारतीय संस्कृति को और अधिक समृद्ध करने में मोदी जी का अभूतपूर्ण योगदान है। मोदी ने एक रिफार्मिस्ट के रूप में न सिर्फ राजनीति को नई दिशा प्रदान की बल्कि आर्थिक सुधारों के साथ-साथ दशकों से चली आ रही समस्याओं का स्थायी समाधान निकालकर सभी को गौरवान्वित किया।'

एक अन्य ट्वीट में उन्होंने लिखा, 'हर भारतीय के जीवन को सुगम बनाने के लिए आपका परिश्रम व संकल्प भाव हमारे लिए एक प्रेरणास्त्रोत है। एक जनप्रतिनिधि, एक कार्यकर्ता और एक देशवासी के रूप में आपके साथ राष्ट्रीय पुनर्निर्माण में भागीदार बनना सौभाग्य की बात है। ईश्वर से आपके स्वस्थ जीवन व दीर्घायु की कामना करता हूं।'

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने लिखा, 'प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। राष्ट्रों की कमेटी में भारत की स्थिति बनाने और मजबूत करने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके दूरदर्शी नेतृत्व ने भारत को गौरव की नई ऊंचाइयों को हासिल करने में मदद की है। मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबे जीवन के लिए प्रार्थना करता हूं।'

वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने लिखा, 'प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आपको जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आपके लंबे और स्वस्थ जीवन के लिए मेरी प्रार्थना। हमारे राष्ट्र की सेवा के आपके अथक प्रयासों से प्रेरित होकर। आपका समर्पण, विस्तार और दृढ़ता के लिए भारत को अपनी वास्तविक क्षमता का एहसास कराने के लिए आपके नेतृत्व की पहचान है। बहुत शुभकामनाएं।'

केन्द्रीय मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह ने लिखा, 'हमेशा आगे बढ़ते रहने के लिए तत्पर; आपके नेतृत्व और आपके मार्गदर्शन में अबाधित, निर्बाध और अप्रशिक्षित।' आपको जन्मदिन की हार्दिक बधाई।

केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने लिखा, 'विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत के यशस्वी, ऊर्जावान, दृढ़ व्यक्तित्व के धनी प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आपके दीर्घायु व उत्तम स्वास्थ्य एवं आपके नेतृत्व में 'नया भारत' विकास और समृद्धि के पथ पर गतिमान रहे यही कामना करती हूं।'

केन्द्रीय मंत्री डॉ रमेश पोखरियाल ने लिखा, 'देश के सर्वप्रिय नेता यशस्वी प्रधानमंत्री आपको जन्मदिन पर बधाई। नर सेवा नारायण सेवा के भाव से आप 130 करोड़ भारतीयों की सेवा करते हुए उनके सपनों को साकार कर नव भारत निर्माण के अपने संकल्प को पूर्ण करें मैं भगवान बद्री केदार से यही कामना करता हूं।'

जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत लिखा, '130 करोड़ भारतीयों के मार्गदर्शक व प्रेरणास्त्रोत, सबके प्रिय प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। भारतवर्ष के मानसपटल पर आपकी अन-मिट छाप, हमें मानव कल्याण के प्रति सदा प्रेरित करती रहेगी।'

भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने लिखा कि राष्ट्र सेवा को समर्पित, कर्मयोगी देश के यशस्वी प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं।

भाजपा ने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर लिखा, मोदी के जन्मदिन पर 3.31 मिनट की एक डॉक्यूमेंट्री शेयर की है, जिसमें प्रधानमंत्री जन्म से लेकर अब तक की जीवन यात्रा का विवरण दिया गया है। पार्टी ने लिखा, 'मां भारती के सच्चे सपूत और करोड़ों युवाओं के प्रेरणास्त्रोत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भाजपा परिवार की ओर से जन्मदिवस की कोटि-कोटि शुभकामनाएं।'

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संदेश में लिखा, हमारे पीएम मोदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आपका समर्पण, प्रतिबद्धता और सबका साथ, सबका विकास के मंत्र के साथ एक भारत का निर्माण करने की दृष्टि हमेशा हम सभी को प्रेरणा देती रहती है।

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री ने जगन मोहन रेड्डी ने लिखा, 'हमारे माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। राष्ट्र सेवा के लिए उनके लंबे, स्वस्थ और सफल जीवन की कामना करता हूं।'

इसके अलावा बिहार की मुख्यमंत्री नीतिश कुमार, पश्चिमी बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, ओडिशा के सीएम नवीन पटनायक, असम के सीएम सर्वानंद सोनोवाल और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी ट्विटर पर प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

वहीं, लोकप्रिय कवि डॉ कुमार विश्वास ने लिखा, 'प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन परसारस्वत शुभकामनाएं! ईश्वर भारतमाता की प्रत्येक पीर हरने की क्षमता से आपको विभूषित करे ! संयुक्त राष्ट्र संघ में प्रस्तावित आपके उद्बोधन में 125 करोड़ देशवासियों की संकल्पशक्ति का जयघोष गूंजे! शुभकामनाएं।'

Updated : 17 Sep 2019 6:44 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top