कांग्रेस पार्टी का मुखपत्र 'कांग्रेस संदेश' का प्रकाशन दो माह से बंद
नई दिल्ली। कांग्रेस का मुखपत्र 'कांग्रेस संदेश' पत्रिका धन की कमी और कुव्यवस्था के कारण दो माह से नहीं छपी। इसकी मुख्य संपादक पूर्व केन्द्रीय मंत्री डा. गिरिजा व्यास हैं। इसके संपादकीय बोर्ड के सदस्य पूर्व केन्द्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद और पूर्व मंत्री व राज्यसभा सांसद जयराम रमेश हैं। इस बारे में डा. गिरिजा व्यास को फोन व एसएमएस करने पर कोई जवाब नहीं मिला। कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता व पूर्व सांसद का कहना है कि 'कांग्रेस संदेश' केवल एक पत्रिका नहीं बल्कि पार्टी की विचारधारा का प्रतिबिम्ब है। इसका उल्लेख पार्टी के संविधान में भी है। कांग्रेस पार्टी की संविधान की धारा 5 (ख) (झ) में लिखा है , 'प्रत्येक सक्रिय सदस्य भर्ती के समय अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा स्वीकृत पत्रिका 'कांग्रेस संदेश' को चंदा देगा| उसको कांग्रेस संदेश का ग्राहक बनना अनिवार्य होगा।' इस तरह कांग्रेस पार्टी के संविधान में 'कांग्रेस संदेश' का सदस्य पार्टी के सांसदों, विधायकों से लगायत जिला, ब्लाक, पंचायत व गांव स्तर तक के पदाधिकारियों, प्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं को बनना अनिवार्य किया गया है। इसके बावजूद इस पत्रिका की हालत खराब है।
इस बारे में कई कांग्रेसी नेताओं का नाम नहीं छापने की शर्त पर कहना है कि कमी मैनेजमेंट की है। जो व्यक्ति इसकी छपाई व प्रबंधन का जिम्मेदार है वह यदि इसकी ठीक से व्यवस्था देखता तो यह पत्रिका समय से निकलती रहती। यदि पहले फंड की कमी के कारण स्थिति खराब हुई, तो अब तो तीन राज्यों में कांग्रेस की सरकार आ गई है। अब इसे नियमित करके सुधारना चाहिए।