Home > देश > भारत शक्तिशाली है कमजोर नहीं : राजनाथ सिंह

भारत शक्तिशाली है कमजोर नहीं : राजनाथ सिंह

-भाजपा सरकारों पर नहीं लगा कोई आरोप

भारत शक्तिशाली है कमजोर नहीं : राजनाथ सिंह
X

उन्नाव। गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को कहा कि आतंकवादी और आतंकवादियों के ठिकानों पर कार्रवाई करने से, ना हमें धरती रोक सकती है, ना आकाश रोक सकता है। अब शक्तिशाली भारत है, कमजोर नहीं है। हमने पाकिस्तान में घुसकर तुरंत कार्रवाई कर आतंकवादी ठिकानों को नष्ट कर दिया और पाक की धरती पर उसी के भाषा में जवाब दिया।

गृहमंत्री राजनाथ उन्नाव के भगवंतनगर विधानसभा क्षेत्र में आरआरबीएन इंटर कॉलेज में सभा को संबोधित करते हुए कही। गृहमंत्री सिंह ने कहा कि हमारी इस कार्रवाई से देश का बच्चा-बच्चा साथ है। वहीं भारत में रहने वाली कुछ पार्टियों को परेशानी हुई है। आरोप लगाने वालों से उन्होंने पूछा कि मुम्बई हमले के बाद सेना को कार्रवाई की इजाजत क्यों नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि हिन्दू-मुस्लिम में भेदभाव नहीं किया जाना चाहिए। इंसाफ और इंसानियत के लिए हम काम करते हैं, केवल सरकार चलाने के लिए नहीं। सत्तावन इस्लामिक देशों के संगठन ने पहली बार भारत के प्रधानमंत्री को ससम्मान आमंत्रित किया। लोगों से कहा कि इस बार फिर से भाजपा को आप लोग विजयी बनाएंगे। हम भारत को सुपर पावर बनाएंगे। विश्व गुरु के पद पर भारत को स्थापित करेंगे। नरेंद्र मोदी की अगुआई में नेतृत्व करने वाला विश्व का भारत बनाएंगे।

उन्होंने आगे कहा कि वाजपेई की सरकार और लालबहादुर की सरकारों पर कोई आरोप नहीं लगे। साल 2014 के पहले 10 साल मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री रहे। भृष्टाचार के आरोपों के कारण कई मंत्री जेल गए। हमारी सरकार भ्रष्टाचार मुक्त रही। लोगों से कर्जमाफी, फसल बीमा, सौभाग्य योजना आदि के बारे में सीधे बात की। उन्होंने दोहराया कि किसानों की आय दोगुना की जाएगी, फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्यों में बढ़ोतरी की गई है। किसान सम्मान निधि देश के किसानों को दी गई है।

भगवंतनगर के विधायक उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने प्रतीक चिन्ह देकर गृहमंत्री सिंह का स्वागत किया। दीक्षित ने कहा कि उनके साथ काम करने का लम्बा अनुभव है। उन्होंने गिनाया की जनपद और भगवंतनगर में कई कार्यक्रमों में उनका आना हुआ और पिछले विधानसभा चुनाव में किये गए वादे के अनुरूप आज फिर वो इस विधानसभा में आए हैं। इस मौके पर सांसद हरिसाक्षी, अध्यक्ष जिला पंचायत संगीता सिंह सेंगर, सदर विधायक पंकज गुप्ता, पुरवा विधायक अनिल सिंह, सफीपुर विधायक बम्बालाल दिवाकर, मोहान विधायक बृजेश रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीकांत कटियार, विधानसभा संयोजक शत्रुघन सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष बीघापुर गोविन्द शुक्ला, अजय, देशपति, राकेश व शिवबहादुर सहित कई लोग मौजूद रहे।

Updated : 10 March 2019 1:01 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top