किसानों को दीर्घकालिक लाभ के लिए फसल खरीद प्रणाली में सुधार की जरूरत
नई दिल्ली/स्वदेश वेब डेस्क। लोकतांत्रिक जनता दल (लोजद) के संरक्षक शरद यादव ने केंद्र सरकार द्वारा रबी की फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में वृद्धि को नाकाफी बताया है। उन्होंने कहा कि किसानों को तब तक दीर्घकालिक लाभ नहीं होगा जब तक फसलों की खरीद प्रणाली में सुधार नहीं किया जाता।
गुरुवार को उन्होंने यह भी कहा कि एमएसपी में इस बढ़ोतरी से महज दो-तीन राज्यों को छोड़कर अन्य राज्यों को लाभ नहीं होगा। सरकार द्वारा किसानों के कल्याण के लिए पूर्व घोषित वादे का भी कोई फायदा नहीं होगा। उन्होंने ट्वीट कर कहा 'एमएसपी में बढ़ोतरी किसानों को न तो कृषि उत्पादन लागत से 50 प्रतिशत अधिक लाभांश दे सकेगी ना ही इससे किसानों की आय दोगुनी होगी।'
उल्लेखनीय है कि बुधवार को केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने रबी की फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी को मंजूरी दी थी। यादव ने कहा कि किसानों को दीर्घकालिक लाभ के लिए फसल खरीद प्रणाली में सुधार करने की जरूरत है।