Home > देश > सुकमा में नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में सुरक्षा बल के 17 जवान शहीद

सुकमा में नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में सुरक्षा बल के 17 जवान शहीद

सुकमा में नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में सुरक्षा बल के 17 जवान शहीद
X

दिल्ली/रायपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में सुरक्षा बल के जवानों और नक्सलियों के बीच शनिवार को हुई मुठभेड़ में 17 जवान शहीद हो गए। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंहदेव ने जवानों के शहीद होने की पुष्टि की है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार की दोपहर को लगभग ढाई बजे चिंतागुफा थाना क्षेत्र में निमपा के जंगल में पुलिस बल सर्चिग पर निकला था।

इस दल में डिस्टिक्ट रिजर्व गार्ड (डीआरपी) और एसटीएफ के जवान थे। तभी जंगल में घात लगाए बैठे नक्सलियों ने सुरक्षा जवानों पर हमला बोल दिया। दोनों ओर से गोलीबारी का दौर शनिवार की रात तक जारी रहा। रात को 13 जवानों के लापता होने की पुष्टि की गई थी।

राज्य के मंत्री सिंहदेव ने रविवार को संवाददाताओं से चर्चा करते हुए 17 जवानों के शहीद होने की पुष्टि की है। इससे पहले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रविवार को संवाददाताओं से चर्चा करते हुए, 17 जवानों के लापता होने की पुष्टि की थी। बाद में इन सभी जवानों की शहादत की पुष्टि हुई।

उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के हमले का जवाब दिया। सूत्रों से पता चला है कि नक्स्ली बड़े पैमाने पर आधुनिक हथियार भी लूट कर ले गए हैं। वहीं मुठभेड़ में घायल हुए 14 जवानों का रायपुर के अस्पताल में इलाज जारी है। इनमें से दो की हाल गंभीर बनी हुई है। इन घायलों को देखने मुख्यमंत्री बघेल रामकृष्ण केयर अस्पताल पहुंचे।

Updated : 22 March 2020 10:30 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top