अमेरिका-ईरान सीजफायर के बाद शेयर बाजार में जोरदार तेजी। सेंसेक्स 2600 अंक चढ़ा, निफ्टी 750 अंक ऊपर। ऑटो, बैंकिंग और रियल्टी शेयरों में भारी खरीदारी देखी गई।
वैश्विक तनाव में कमी और अमेरिका-ईरान के बीच दो हफ्ते के सीजफायर की घोषणा का सीधा असर भारतीय शेयर बाजार पर देखने को मिला। बुधवार, 8 अप्रैल को बाजार में जोरदार तेजी दर्ज की गई और प्रमुख सूचकांक रिकॉर्ड उछाल के साथ कारोबार करते नजर आए।
सेंसेक्स और निफ्टी में बड़ी बढ़त
कारोबार के दौरान BSE Sensex में 2600 अंक यानी करीब 3.50% की तेजी देखी गई और यह 77,200 के स्तर पर पहुंच गया. वहीं NSE Nifty 50 भी 750 अंक की बढ़त के साथ 23,900 के करीब कारोबार करता नजर आया।
इन सेक्टर्स में सबसे ज्यादा तेजी
बाजार में सबसे ज्यादा खरीदारी ऑटो, रियल्टी और बैंकिंग सेक्टर में देखी गई।
-
निफ्टी ऑटो और रियल्टी इंडेक्स में करीब 5% की तेजी
-
सरकारी बैंक और मेटल इंडेक्स में 3% से अधिक उछाल
-
FMCG और ऑयल-गैस सेक्टर में 2% से ज्यादा बढ़त
सेंसेक्स के 30 में से 28 शेयरों में तेजी और केवल 2 में गिरावट दर्ज की गई।
सीजफायर से बाजार को मिला सपोर्ट
अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव पर 2 हफ्ते के सीजफायर के ऐलान ने वैश्विक बाजारों में सकारात्मक माहौल बनाया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों देशों ने मध्यस्थता के जरिए अस्थायी युद्धविराम पर सहमति जताई है.इस समझौते के तहत क्षेत्र में सैन्य गतिविधियों को रोकने और होर्मुज स्ट्रेट से सुरक्षित व्यापार सुनिश्चित करने की बात कही गई है।
एशियाई बाजारों में भी तेजी
वैश्विक संकेतों का असर एशियाई बाजारों पर भी दिखा।
-
दक्षिण कोरिया का कोस्पी 6% से ज्यादा चढ़ा
-
जापान का निक्केई 5% से अधिक मजबूत
-
हांगकांग और चीन के बाजारों में भी बढ़त दर्ज की गई
अमेरिकी बाजार में मिला-जुला रुख
अमेरिकी बाजारों में पिछले सत्र में मिला-जुला कारोबार रहा। डाउ जोन्स में हल्की गिरावट देखी गई, जबकि नैस्डैक और S&P 500 मामूली बढ़त के साथ बंद हुए।
क्रूड ऑयल में बड़ी गिरावट
वैश्विक तनाव घटने के बाद कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई। ब्रेंट क्रूड करीब 13% टूटकर 95 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। इससे पहले यह 120 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया था।