ईडी ने वेदांता समूह के खिलाफ FEMA उल्लंघन की जांच में दिल्ली और मुंबई में तलाशी अभियान चलाया। जानिए किन लेन-देन की जांच हो रही है और कंपनी ने इस पर क्या प्रतिक्रिया दी है।
देश के प्रमुख उद्योगपति Anil Agarwal की अगुवाई वाले Vedanta Group पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। एजेंसी ने विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) से जुड़े एक मामले में समूह के कुछ ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया, मंगलवार को सामने आई जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई कथित विदेशी मुद्रा नियमों के उल्लंघन की जांच का हिस्सा है। हालांकि अभी तक ईडी की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन जांच ने कारोबारी जगत और निवेशकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।
किन मामलों की जांच कर रही है ED?
सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसी समूह की कुछ कंपनियों द्वारा मूल कंपनी को किए गए कथित "ब्रांड फीस" या ब्रांड उपयोग शुल्क भुग तान की जांच कर रही है। ईडी यह पता लगाने में जुटी है कि ये वित्तीय लेन-देन FEMA के प्रावधानों के अनुरूप थे या नहीं। जांच के दौरान संबंधित दस्तावेज, वित्तीय रिकॉर्ड और समझौतों की समीक्षा की जा रही है। दरअसल, FEMA के तहत विदेशी मुद्रा से जुड़े सभी लेन-देन निर्धारित नियमों और अनुमतियों के अनुसार होने चाहिए। किसी भी संभावित उल्लंघन की स्थिति में ईडी जांच कर सकती है।
दिल्ली और मुंबई में हुई तलाशी
अधिकारियों के अनुसार, दिल्ली और मुंबई में वेदांता समूह से जुड़े दो स्थानों पर तलाशी ली गई। यह अभियान सोमवार को शुरू हुआ था और अब पूरा हो चुका है।जांच टीम ने कई दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड अपने कब्जे में लिए हैं। अब इनकी जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी. फिलहाल एजेंसी एकत्रित सामग्री का विश्लेषण कर रही है और उसके बाद ही किसी निष्कर्ष या अगले कदम की जानकारी सामने आने की संभावना है।
वेदांता ने क्या कहा?
वेदांता समूह की ओर से जारी प्रतिक्रिया में कहा गया है कि कंपनी जांच एजेंसियों को पूरा सहयोग दे रही है. कंपनी के प्रवक्ता के अनुसार, मांगी गई सभी जानकारियां उपलब्ध कराई जा रही हैं और समूह सभी लागू कानूनों तथा नियामकीय प्रावधानों का पालन करने के लिए प्रतिबद्ध है। ऐसे में अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि जांच का अंतिम परिणाम क्या होगा, क्योंकि मामला फिलहाल जांच के चरण में है।
आखिर FEMA क्या है और कब होती है कार्रवाई?
Foreign Exchange Management Act (FEMA) भारत में विदेशी मुद्रा से जुड़े लेन-देन को नियंत्रित करने वाला प्रमुख कानून है. जब किसी व्यक्ति, संस्था या कंपनी पर विदेशी निवेश, विदेश में संपत्ति, विदेशी मुद्रा हस्तांतरण या अंतरराष्ट्रीय भुगतान से जुड़े नियमों के उल्लंघन का संदेह होता है, तब ईडी जांच शुरू कर सकती है। यह कानून मुख्य रूप से विदेशी मुद्रा लेन-देन को पारदर्शी और नियमानुसार बनाए रखने के लिए बनाया गया है।
भारत की बड़ी प्राकृतिक संसाधन कंपनी है वेदांता
Vedanta Group देश की प्रमुख प्राकृतिक संसाधन और खनन कंपनियों में गिनी जाती है। कंपनी धातु, खनिज, तेल, गैस और ऊर्जा क्षेत्रों में काम करती है, समूह की प्रमुख इकाइयों में Hindustan Zinc Limited, Cairn India और Vedanta Aluminium शामिल हैं।