< Back
पश्चिम बंगाल
ममता बनर्जी ने 10 साल के शासन में बंगाल को बर्बाद कर दिया : रक्षामंत्री
पश्चिम बंगाल

ममता बनर्जी ने 10 साल के शासन में बंगाल को बर्बाद कर दिया : रक्षामंत्री

स्वदेश डेस्क
|
16 March 2021 3:48 PM IST

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में मंगलवार को चुनाव प्रचार करने पहुंचे केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ममता बनर्जी पर तीखा प्रहार किया है। पश्चिम मेदिनीपुर के दासपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि 10 साल के शासन में ममता बनर्जी ने बंगाल को बर्बाद कर दिया है। रक्षा मंत्री सिंह ने ममता पर हमले के आरोप पर भी टिप्पणी की।

उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी हताशा के कारण भाजपा पर लांछन लगा रही हैं। उन्होंने दावा किया है कि बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी और बम बनाने वाली फैक्टरी बंद होंगी। सिंह ने कहा, "ममता दीदी को छोड़कर किसी ने हमले को लेकर किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। जांच एजेंसियों और पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट बताती है कि दुर्घटना सुरक्षा चूक के कारण हुई। मुझे आशा है कि वह जल्द ही ठीक हो जाएंगी, लेकिन यह उसकी हताशा का परिणाम है कि वह भाजपा पर अपनी चोट के लिए आरोप लगा रही हैं।" सिंह ने कहा कि बंगाल ने इस बार परिवर्तन का मूड बना लिया है और चाहे कोई कितना भी कोशिश कर ले यहां भाजपा की सरकार बन कर रहेगी। उल्लेखनीय है कि विधानसभा चुुनाव के पहले चरण में राज्य की 30 सीटों पर 27 मार्च को मतदान होना है। इसके लिए इन क्षेत्रों में चुनाव प्रचार जोरों पर है।

Similar Posts