< Back
अन्य
प्रधानमंत्री ने उप्र को दी करोड़ो की सौगात, कहा - अब राष्ट्र प्रतिष्ठा को नई ऊंचाई देने का समय
अन्य

प्रधानमंत्री ने उप्र को दी करोड़ो की सौगात, कहा - अब राष्ट्र प्रतिष्ठा को नई ऊंचाई देने का समय

स्वदेश डेस्क
|
25 Jan 2024 4:22 PM IST

प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में 19,100 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।

बुलंदशहर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि विकसित भारत का निर्माण उत्तर प्रदेश के तेज विकास के बिना संभव नहीं है।प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में 19,100 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। ये परियोजनाएं रेल, सड़क, तेल एवं गैस और शहरी विकास एवं आवास जैसे कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों से जुड़ी हैं।

इस अवसर पर जनसमूह को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि 22 जनवरी को, मुझे अयोध्या में भगवान राम के 'दर्शन' मिले और आज मुझे यहां 'जनता जनार्दन' के 'दर्शन' का अवसर मिला है। आज, पश्चिमी यूपी को भी 19,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं मिली हैं। ये परियोजनाएं रेल लाइन, हाइवे, पेट्रोलियम पाइपलाइन, पानी, सीवेज, मेडिकल कॉलेज और औद्योगिक शहर से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के शिलान्यास और लोकार्पण कार्यक्रम का हिस्सा बनकर काफी प्रसन्नता हो रही है।

'राष्ट्र प्रतिष्ठा' को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का समय

मोदी ने कहा कि अयोध्या में, मैंने कहा था कि 'प्राण प्रतिष्ठा' पूरी हो चुकी है, अब 'राष्ट्र प्रतिष्ठा' को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का समय है। उन्होंने कहा, “अयोध्या में मैंने रामलला के सानिध्य में कहा था कि प्राण प्रतिष्ठा का कार्य संपन्न हुआ, अब राष्ट्र प्रतिष्ठा को नई ऊंचाई देने का समय है। हमें देव से देश और राम से राष्ट्र के मार्ग को और प्रशस्त करना है। हमारा लक्ष्य 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है।”

देश को कल्याण सिंह जैसा सपूत मिला -

पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को याद करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस क्षेत्र ने देश को कल्याण सिंह जैसा सपूत दिया है, जिन्होंने रामकाज और राष्ट्रकाज दोनों के लिए अपना जीवन समर्पित किया। आज वो जहां हैं वो अयोध्या धाम को देखकर बहुत आनंदित हो रहे होंगे। उन्होंने कहा कि ये हमारा सौभाग्य है कि देश ने कल्याण सिंह और उनके जैसे अनेक लोगों का सपना पूरा किया है। लेकिन अभी भी सशक्त भारत के निर्माण का, सच्चे सामाजिक न्याय का उनका सपना पूरा करने के लिए हमें अपनी गति और बढ़ानी है।

Related Tags :
Similar Posts