< Back
अन्य
बहराइच: पारिवारिक कलह के चलते महिला ने दो बेटियों संग कुएं में कूदकर दी जान
अन्य

बहराइच: पारिवारिक कलह के चलते महिला ने दो बेटियों संग कुएं में कूदकर दी जान

Swadesh Lucknow
|
1 May 2021 2:00 PM IST

मृतका के मां की तहरीर पर पुलिस ने पति को नामजद करते हुए आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी पति घटना के बाद से फरार है।

बहराइच: रुपईडीहा के बंजरिया गांव में परिवारिक कलह से तंग महिला ने देर रात अपने दो मासूम बेटियों संग मकान के बाहर स्थित कुएं में छलांग लगा दी। माँ बेटियों की मौके पर ही कुएं में डूब कर मौत हो गई।

सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने मां बेटियों का शव निकलवा कर शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतका के मां की तहरीर पर पुलिस ने पति को नामजद करते हुए आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी पति घटना के बाद से फरार है।

रुपईडीहा थाना अंतर्गत ग्राम बंजरिया निवासी कौशल्या देवी (30) का शुक्रवार देर रात घर में पति से पारिवारिक मामलों को लेकर विवाद हुआ। कहासुनी के दौरान कौशल्या ने 5 वर्षीय पुत्री रागिनी और 3 वर्षीय पुत्री प्रियंका को साथ ले घर के बाहर स्थित कुएं में छलांग लगा दी।

कुएं में डूब रही मां बेटियों की चीख-पुकार सुनकर आस पड़ोस के लोग दौड़े। सूचना थाने व कौशल्या के मायके भगवानपुर कुर्मियाना गांव को दी गई। मायके से कौशल्या की मां भोर में ही परिवारी जनों के साथ बेटी की ससुराल पहुंच गई। उधर थानाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह भी दल बल के साथ मौके पर पहुंचे।

कौशल्या की मां कामिनी देवी ने पुलिस को बताया कि दामाद संदीप वर्मा अरसे से उसकी बेटी को प्रताड़ित करता था। इस मामले में कई बार दामाद को समझाने बुझाने की कोशिश की गई। लेकिन उत्पीड़न का दौर थमा नहीं। मां कामिनी ने पुलिस को बताया कि दामाद के उत्पीड़न के चलते ही पुत्री कौशल्या ने अपनी दोनों बेटियों के संग कुएं में कूदकर जान दे दी है।

मां की तहरीर पर पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद कौशल्या और उसकी दोनों बेटियों के शव को कुएं से निकलवा कर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

थानाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने बताया कि मृतका के मां की तहरीर पर दमाद संदीप वर्मा के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी पति फरार है उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।

Related Tags :
Similar Posts