< Back
अन्य
सीएम योगी का सटीक निशाना, पहली ही बार ‘बुल्स आई’...
अन्य

गोरखपुर: सीएम योगी का सटीक निशाना, पहली ही बार ‘बुल्स आई’...

Swadesh Digital
|
3 Jan 2025 6:28 PM IST

गोरखपुर के भाटी विहार कॉलोनी में नवनिर्मित मिनी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसके शूटिंग रेंज में राइफल से लक्ष्य पर निशाना भी साधा। उनकी सटीक निशानेबाजी देख साथ में मौजूद लोग हतप्रभ रह गए।

मुख्यमंत्री ने पहली ही बार में ‘बुल्स आई’ टारगेट कर दिया, यानी सौ फीसद सटीक लक्ष्य पर ही निशाना। यह आश्चर्यजनक ही है कि गोरक्षपीठ के महंत का निशाना भी सौ फीसद सटीक रहा।

मुख्यमंत्री की खेलों के प्रति खासी दिलचस्पी है। इसमें भी पारंपरिक भारतीय खेलों के साथ निशानेबाजी से उनका लगाव कई बार सार्वजनिक देखा जाता है। जब भी वह सैन्य प्रदर्शनियों और खेल एकेडमी या खेल केंद्रों में जाते हैं तो निशानेबाजी के अभ्यास से खुद को नहीं रोक पाते।

शुक्रवार को गोरखपुर के भाटी विहार कॉलोनी में मिनी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री जब मल्टीपर्पज हाल में बने शूटिंग रेंज में आए तो उन्होंने दस मीटर राइफल शूटिंग के रेंज पर निशानेबाजी में हाथ आजमाया।

उनका पहला शॉट ही बुल्स आई रहा। उनके सटीक निशाने पर वहां मौजूद सभी लोग आश्चर्यचकित होकर मुस्कराने लगे। गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस मिनी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निरीक्षण के दौरान तथा सैनिक स्कूल के लोकार्पण के दौरान भी निशानेबाजी के अभ्यास में हाथ आजमा चुके हैं।

Similar Posts