< Back
लखनऊ
मायावती के इकलौते विधायक हैं उमाशंकर…
लखनऊ

बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के खिलाफ विजिलेंस जांच शुरू: मायावती के इकलौते विधायक हैं उमाशंकर…

Swadesh Digital
|
22 March 2025 9:04 PM IST

महानिरीक्षक ने सभी उप निबंधन कार्यालय को उमाशंकर और परिवार की सम्पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए

लखनऊ। बलिया की रसड़ा सीट से बसपा विधायक उमाशंकर सिंह की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। जानकारी के मुताबिक, बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में विजिलेंस जांच शुरू हो गई है। अब उमाशंकर सिंह की पत्नी और बच्चों के नाम पर खरीदी गई चल और अचल संपत्ति की जांच होगी। रसड़ा से विधायक उमाशंकर सिंह बहुजन समाज पार्टी के इकलौते विधायक हैं। साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री एवं बसपा सुप्रीमो मायावती के बेहद करीबी भी माने जाते हैं।

दरअसल, बसपा से विधायक उमाशंकर सिंह इन दिनों कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं। उन्होंने विदेश में अपना इलाज कराया है। हाल ही में बसपा सुप्रीमो मायावती उमाशंकर सिंह के लखनऊ स्थित आवास पर पहुंचकर उनका हालचाल जाना था। इसके बाद यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय भी बसपा विधायक अजय राय से मिलने पहुंचे थे। बसपा विधायक उमाशंकर सिंह बसपा के इकलौते विधायक हैं।

इसी बीच अब उनके खिलाफ विजिलेंस ने जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार विजिलेंस की वाराणसी यूनिट ने सभी निबंधन कार्यालय से बसपा विधायक के साथ ही उनकी पत्नी और बच्चों के नाम पर खरीदी गई संपत्ति का ब्योरा मांगा है।

बता दें कि बसपा विधायक उमाशंकर सिंह पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के बेहद करीबी माने जाते हैं। वो बलिया के सबसे प्रसिद्ध राजनेताओं में से एक हैं। उधर, सतर्कता विभाग ने महानिरीक्षक प्रयागराज को पत्र लिखा है। पत्र के जरिये विधायक उमाशंकर सिंह, उनकी पत्नी, बेटी और बेटा के नाम पर खरीदी गई जमीन, मकान, फ्लैट, कृषि जमीन के बारे में जानकारी मांगी है।

साथ ही जांच अधिकारी से जुड़ी जानकारी भी मांगी है। वहीं, महानिरीक्षक प्रयागराज ने सभी उप निबंधन कार्यालय को उमाशंकर और उनके परिवार की सम्पूर्ण जानकारी सतर्कता विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश दे दिए हैं। जिसके बाद वाराणसी में सभी उप निबंधन कार्यालय ने बसपा विधायक उमाशंकर सिंह की संपत्तियों की जांच शुरू कर दी है।

Similar Posts