< Back
लखनऊ
मुलायम के विवादित वक्तव लड़कों से गलती हो जाती है... के बहाने डिप्टी CM ने ली चुटकी, सपा ने काटा हंगामा
लखनऊ

विधानसभा में ब्रजेश पाठक के बयान पर बवाल: मुलायम के विवादित वक्तव 'लड़कों से गलती हो जाती है...' के बहाने डिप्टी CM ने ली चुटकी, सपा ने काटा हंगामा

Swadesh Digital
|
24 Feb 2025 9:14 PM IST

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा बजट सत्र 2025 की कार्यवाही के दौरान जमकर हंगामा देखने को मिला। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सोमवार को सपा के पितामह और पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव के एक बयान का जिक्र किया, जिस पर समाजवादी विधायकों ने हंगामा शुरू कर दिया।

यूपी विधानसभा में सपा का हंगामा देखने को मिला। सपा विधायक समरपाल सिंह के एक सवाल पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने पूछा- नेताजी (मुलायम सिंह) का सम्मान तो बहुत किया। सपा वाले नेताजी की हर बात मानते हो। क्या वह बात भी मानेंगे कि लड़कों से गलती हो जाती है। इसके बाद विधानसभा में समाजवादी पार्टी के विधायकों ने जोरदार हंगामा किया। स्पीकर सतीश महाना ने इस मामले को शांत कराने की कोशिश करते हुए कहा कि हर बात को निगेटिव मत लीजिए। ऐसी कोई बात बोली ही नहीं गई जिसपर खेद प्रकट किया जाए।

इस दौरान नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय खड़े हो गए। उन्होंने कहा- नेताजी सम्मानित व्यक्ति रहे हैं। उनके लिए इस तरह की बात नहीं की जानी चाहिए। मंत्री जी ने जानबूझकर ऐसा बोला कि विवाद हो जाए। अब तो वह इस दुनिया में भी नहीं हैं। वित्तमंत्री सुरेश खन्ना ने मोर्चा संभाला। उन्होंने कहा कि सदन में किसी का नाम नहीं लिया गया। मुलायम सिंह सबके आदरणीय नेता हैं। किसी का नाम नहीं लिया गया है। हंगामे के बाद दोबारा से सदन की कार्यवाही शुरू की गई।

सदन में राज्यपाल के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा होगी। साथ ही, वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट पर साधारण चर्चा जारी रहेगी। विधानसभा की कार्यवाही में अब तक सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जमकर तकरार दिखाई दी है।

Similar Posts