< Back
लखनऊ
यूपी में टूटा एक दिन में सबसे अधिक मरीज मिलने का रिकॉर्ड
लखनऊ

यूपी में टूटा एक दिन में सबसे अधिक मरीज मिलने का रिकॉर्ड

Swadesh Digital
|
6 Jun 2020 10:59 AM IST

लखनऊ। यूपी में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। पिछले कुछ दिनों से रोजाना मरीजों की संख्या का रिकॉर्ड टूटता ही जा रहा है। शुक्रवार को एक दिन में पाए जाने वाले कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या का अब तक का रिकार्ड टूट गया। शुक्रवार को सबसे ज्यादा मरीजों का आंकड़ा 500 के पार पहुंचकर 502 तक पहुंच गया। इससे पहले 31 मई को सबसे ज्यादा 378 कोरोना संक्रमित मरीज पाए गए थे।

शुक्रवार को नोएडा में सबसे ज्यादा 51 मरीज कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। प्रदेश में अब तक 9733 मरीज कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। शुक्रवार को 14 कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत हुई हैं। इनमें लखनऊ,मेरठ और गाजियाबाद में दो-दो मौतें हुई हैं। लखनऊ में जिन दो मरीजों की मौत हुई उनमें एक सुलतानपुर का है। आगरा, नोएडा, वाराणसी,गोरखपुर, जालौन, झांसी, औरैया और चंदौली में एक-एक मौत हुई है। इस तरह अब तक कुल मौतों का आंकड़ा 259 तक पहुंच गया है। अब तक 2719 प्रवासी श्रमिक संक्रमित हुए हैं। शुक्रवार को 209 मरीज ठीक होकर घर चले गए। अब तक डिस्चार्ज होने वाली संख्या 5648 है। प्रदेश में कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या अब 3828 हो गई है।

कोरोना से अब तक सबसे ज्यादा 48 मौतें आगरा में हुई हैं। इसके बाद मेरठ में 34 और 16-16अलीगढ़ व फिरोजाबाद में हुई हैं। कानपुर में 13 और मुरादाबाद में 10 हुई हैं। गाजियाबाद में नौ और नोएडा में आठ मौतें हुई हैं। गोरखपुर में सात मौतें हुई हैं। लखनऊ, मथुरा, संतकबीरनगर व झांसी में छह-छह हुई हैं। वाराणसी में पांच हुई हैं। बस्ती, एटा, बुलंदशहर और प्रतापगढ़ में चार-चार मौतें हुईं। जौनपुर,अयोध्या, प्रयागराज, अम्बेडकरनगर,आजमगढ़ और जालौन में तीन-तीन मौतें हुई हैं। बिजनौर, बरेली, चित्रकूट, मैनपुरी, उन्नाव, कुशीनगर, हापुड़ और सिद्धार्थनगर में दो-दो मौत हुई हैं। बाराबंकी, मुजफ्फरनगर, रायबरेली, अमरोहा, इटावा, महाराजगंज, बागपत, श्रावस्ती, कानपुर देहात, महोबा, ललितपुर, फर्रुखाबाद देवरिया, मऊ, औरैया, रामपुर, चंदौली, संभल और बलरामपुर में एक-एक मौत हुई है।

प्रदेश में शुक्रवार को सबसे ज्यादा एक दिन में 12 हजार 589 जांच की गईं। पिछले 24 घंटे में 11 हजार 226 नमूने जांच के लिए लैब में भेजे गए। लैब में पहले से ही नमूने जांच के लिए पड़े हुए थे। यह जानकारी चिकित्सा व स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव अमित मोहन प्रसाद ने शुक्रवार को अपर मुख्य सचिव गृह व सूचना अवनीश अवस्थी के साथ एक संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस में दी। श्री प्रसाद ने बताया कि पिछले 24 घंटों में पूल टेस्टिंग में 1036 पूल पांच-पांच नमूने वाले तथा 167 पूल 10-10 नमूने वाले लिए गए। उन्होंने बताया कि आशा वर्कर ने अब तक करीब 12 लाख 80 हजार प्रवासी श्रमिकों की ट्रैकिंग की है। इनमें 1163 श्रमिकों में कोरोना वायरस के लक्षण पाए गए हैं। इन्हें टेस्टिंग के लिए भेजा गया है।

स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को 18001805146 टोल-फ्री-नम्बर आशा बहू, एएनएम और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के लिए जारी किया है। इसके अलावा ये नम्बर प्राइवेट मेडिकल फार्मासिस्ट के लिए भी है ताकि वे इस नम्बर पर अपने मेडिकल स्टोर्स में कोरोना लक्षण वाले व्यक्तियों के दवाई ले जाने के बारे में इस नम्बर पर जानकारी दे सकें। इसी तरह आम लोगों के लिए -18001805145 टोल फ्री नम्बर पहले से ही संचालित है।

Related Tags :
Similar Posts