< Back
लखनऊ
दंगाइयों को संरक्षण, हिंदुओं की हत्या, महिलाओं पर अत्याचार...यह सब कर रही बंगाल सरकार...
लखनऊ

अयोध्या पहुंचे केशव प्रसाद मौर्य का सियासी वार: दंगाइयों को संरक्षण, हिंदुओं की हत्या, महिलाओं पर अत्याचार...यह सब कर रही बंगाल सरकार...

Swadesh Digital
|
22 April 2025 6:22 PM IST

अयोध्या। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को अयोध्या की पुलिस लाइन में मीडिया से बातचीत में सियासी विपक्ष पर जमकर हमला बोला। उन्होंने पश्चिम बंगाल सरकार को घेरते हुए कहा कि आने वाले चुनाव में टीएमसी सत्ता से बाहर होगी और ममता बनर्जी को बहुमत नहीं मिलेगा।

श्री मौर्य ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल की सरकार ने तुष्टिकरण की सारी हदें पार कर दी हैं। दंगाइयों को संरक्षण, हिंदुओं की हत्याएं और पलायन, महिलाओं पर अमानवीय अत्याचार... यह सब पश्चिम बंगाल की हकीकत है, मौर्य ने कहा।

डिप्टी सीएम के बयानों से साफ है कि भाजपा ने अभी से 2027 के चुनावी समीकरणों की तैयारी शुरू कर दी है। विपक्षी दलों पर तीखे वार के साथ मौर्य ने पार्टी की रणनीतिक दिशा भी स्पष्ट कर दी है।

अखिलेश यादव पर किया तीखा प्रहार : पुलिस भर्ती को लेकर अखिलेश यादव के सवालों पर मौर्य ने जवाबी हमला करते हुए कहा कि 'अखिलेश यादव 2027 में सत्ता का सपना देख रहे थे, लेकिन उनका सपना चकनाचूर हो गया है। इसलिए बौखलाहट में उल्टे-सीधे बयान दे रहे हैं। समाजवादी पार्टी के समय में भर्तियों में पैसे का खेल चलता था, हमारी सरकार पारदर्शी भर्ती कर रही है, इससे प्रदेश का युवा संतुष्ट है। अगर कोई असंतुष्ट है तो वो सिर्फ सपाई हैं।

वक्फ संशोधन बिल को बताया मुस्लिम हितैषी : वक्फ संशोधन बिल पर बोलते हुए मौर्य ने कहा कि यह बिल देश के 90% मुसलमानों के हित में है। उन्होंने कहा कि बीजेपी के जन जागरण अभियान से विपक्ष घबराया हुआ है। कांग्रेस, सपा और टीएमसी को डर है कि अगर जन जागरण अभियान सफल हो गया, तो 2027 के चुनाव में मुस्लिम वोट भी उनसे दूर हो जाएंगे और कमल ही खिलेगा।

Similar Posts