< Back
लखनऊ
योग शारीरिक, मानसिक और आत्मिक रूप से स्वस्थ्य होने की वैज्ञानिक पद्धति : योगी आदित्यनाथ
लखनऊ

योग शारीरिक, मानसिक और आत्मिक रूप से स्वस्थ्य होने की वैज्ञानिक पद्धति : योगी आदित्यनाथ

Prashant Parihar
|
21 Jun 2021 1:13 PM IST

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि योग केवल आसनों का समुच्चय नहीं है। यह अपने आप में एक जीवन पद्धति है। यह शारीरिक, मानसिक और आत्मिक रूप से स्वस्थ्य होने की एक वैज्ञानिक पद्धति है।

सातवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के इस दौर में सभी लोग प्रोटोकॉल का पालन करते हुए अपने-अपने घरों में ही योगाभ्यास करें।मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि आज से छह साल पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयास से संयुक्त राष्ट्र ने भारत की इस प्राचीन विधा को अन्तरराष्ट्रीय मान्यता दी थी। तभी से 21 जून की तिथि को अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। यह भारत के लिए एक गौरव का भी क्षण है।

ऋषि परम्परा का अनमोल उपहार -

उन्होंने कहा कि हम अपने ऋषि परम्परा के अनमोल उपहार को लोककल्याण और मानवता के कल्याण के लिए प्रदान करने में सफल हो रहे हैं। योग विश्व को भारत की देन है। कोरोना महामारी के इस दौर में योग स्वस्थ रहने की वैज्ञानिक पद्धति है। उन्होंने कहा कि आज हम सभी लोग योग को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लें।योगी आदित्यनाथ ने बताया कि इस बार अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस का थीम 'योगा और जागरूकता' पर रखी गई है। हम सबको इस बात का ध्यान रखना होगा कि पूरी दुनिया कोरोना महामारी से जुझ रही है। इस परिस्थिति में कोरोना के प्रोटोकॉल का पालन करते हुए 'योगा ऐट होम' यानी योग जिज्ञासु लोग अपने-अपने घरों में योग करें। उन्होंने कहा कि अंतराष्ट्रीय योग दिवस सभी के लिए कल्याणकारी हो ऐसी कामना है।

उप मुख्यमंत्री ने दी शुभकामना -

इस योग दिवस पर प्रदेश के दोनों उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और डॉ.दिनेश शर्मा ने भी अपने-अपने घरों पर योग करके लोगों को स्वस्थ्य रहने का संदेश दिया। बेसिक शिक्षा मंत्री डॉ सतीश द्विवेदी ने भी योगाभ्यास किये। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने भी राजधानी लखनऊ में अपने आवास पर योग किया। वहीं प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने पार्टी के राज्य मुख्यालय पर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ योग-प्राणायाम करके लोगों को स्वस्थ्य रहने की कामना की।

योग शिविर आयोजित -

इस अवसर पर भाजपा की ओर से प्रदेश के सभी 1 हजार,918 मण्डलों में योग शिविर आयोजित किया गया। शिविरों में पार्टी के सांसद, विधायक, मंत्री, आयोग, निगम, बोर्ड के अध्यक्ष व सदस्यों के साथ पार्टी के पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।

Related Tags :
Similar Posts