< Back
लखनऊ
भाजपा का सपा पर हमला, सैफई खानदान ने लूटा पूरा राज्य
लखनऊ

भाजपा का सपा पर हमला, सैफई खानदान ने लूटा पूरा राज्य

स्वदेश डेस्क
|
26 Nov 2021 5:12 PM IST

लखनऊ। यूपी भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने संविधान दिवस की प्रदेशवासियों को बधाई दी। इस अवसर पर उन्होंने पूर्ववर्ती सपा-बसपा सरकारों के साथ कांग्रेस पर भी हमला बोला। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि विपक्षी दल योगी सरकार से पहले डेढ़ दशक तक उत्तर प्रदेश को लूटते रहे। संविधान की धज्जियां उड़ाई जाती रहीं। कानून व्यवस्था ध्वस्त थी। गुण्डा राज कायम था। भ्रष्टाचार चरम पर था। वर्ष 2017 में जब उत्तर प्रदेश में भाजपा की योगी सरकार बनी तब संविधान की रक्षा हो सकी। आज प्रदेश में बहन-बेटियां सुरक्षित हैं। अपराधियों की अवैध सम्पत्तियों पर बुल्डोजर चल रहा है। योगी सरकार का खौफ इतना है कि माफिया जेल में बंद रहना चाहते हैं।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि इस राज्य में 15 साल के शासन के दौरान गुण्डाराज कायम किया। इसे समाज ने देखा है। उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार आने के बाद योगी के नेतृत्व में अपनी योजनाओं के माध्यम से सुशासन की नयी परिभाषा स्थापित की है। हमारी सरकार की नीतियों का लाभ प्रदेश के हर वर्ग को हुआ है। राज्य ने हर क्षेत्र में विकास की नयी ऊंचाइयों को छुआ है। चाहे वह कृषि क्षेत्र हो, कानून व्यवस्था या सांस्कृतिक गौरव, सभी क्षेत्रों में विकास कार्य हुए हैं।

अपराध, आतंकवाद, के 15 साल -

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि एक तरफ योगी जैसा ईमानदार नेतृत्व, परिश्रम की पराकाष्ठा करने वाले हैं, कानून का पालन करने वाले हैं। कहा जाए तो कानून का राज कायम है। दूसरी तरफ 15 साल सपा, बसपा, कांग्रेस की मिली जुली सरकार आपने देखा है। वह लोग केवल अपराध, आतंकवाद, नक्सलवाद को बढ़ावा देते थे। दिनदहाड़े खुलेआम छेड़खानी, लूट, डकैती होती थी। बलात्कार की घटनाएं होती थीं। दंगा होता था। सरेआम बम फटते थे। लेकिन साढ़े चार के अंदर एक भी बम विस्फोट नहीं हुआ। एक भी आतंकी घटना नहीं हुई है। राज्य सुरक्षित है। जहां कानून का राज होता है, वहां शांति होती है। जहां शांति होती है, वहां विकास होता है। खुलेआम सभी व्यापारी अपना जीवन यापन कर पा रहे हैं। व्यापार कर पाते हैं। आज माहौल बदला है। उत्तर प्रदेश के लोग अब अगर बाहर जाते हैं तो उन्हें आसानी से स्थान मिल जाता है। पहले असम्मान की नजरों से देखा जाता था। पहले तो दूसरे राज्यों के लोग होटल देने से भी घबराते थे। स्वतंत्रदेव ने कहा कि भाजपा ने राज्य की जनता से जो वादा किया था, उसे पूरा किया गया है। आज साफ दिखाई दे रहा है।

सैफई खानदान ने पूरा लूटा राज्य -

उन्होंने कहा कि पहले सैफई खानदान पूरा राज्य लूटता, आज योगी जी प्रदेश की 24 करोड़ की जनता के लिए काम कर रहे हैं। भाजपा और अन्य पार्टियों की सरकार में यही अंतर है। भाजपा अब हर दिन सुबह मीडिया के समक्ष संगठन, सरकार और प्रदेश के ज्वलंत मुददों पर अपनी बात रखेगी। पार्टी ने यह निर्णय आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए लिया है।

Similar Posts