< Back
अयोध्या
योगी सरकार में धर्म नगरी के साथ पर्यटन नगरी बन रही अयोध्या…
अयोध्या

श्रीराम मंदिर से जुड़ेगा सरयू रिवरफ्रंट: योगी सरकार में धर्म नगरी के साथ पर्यटन नगरी बन रही अयोध्या…

Swadesh Digital
|
4 July 2025 6:13 PM IST

अयोध्या। उत्तर प्रदेश की पावन नगरी अयोध्या में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार के नेतृत्व में न केवल धार्मिक महत्व की प्रतीक बनी हुई है, बल्कि एक आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में भी उभर रही है। श्री राम जन्मभूमि पर भव्य राम मंदिर के निर्माण के साथ ही अयोध्या को विश्व स्तरीय पर्यटन नगरी के रूप में विकसित करने की दिशा में तेजी से कार्य हो रहा है। इसी कड़ी में सरयू नदी के तट पर बन रहा सरयू रिवर फ्रंट अयोध्या की खूबसूरती और सुविधाओं को और बढ़ाने जा रहा है। यह रिवर फ्रंट श्री राम मंदिर से जुड़कर पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए एक अनूठा अनुभव प्रदान करेगा।

पर्यटन विभाग द्वारा लगभग 23.46 करोड़ रुपये की लागत से सरयू रिवर फ्रंट का निर्माण कराया जा रहा है। इस परियोजना का उद्देश्य अयोध्या को एक ऐसी नगरी के रूप में स्थापित करना है, जहां श्रद्धालु और पर्यटक दोनों ही आध्यात्मिक और सौंदर्यपूर्ण अनुभव प्राप्त कर सकें। रिवर फ्रंट के निर्माण कार्य में तेजी लाई गई है, जिसमें सीढ़ियों पर पत्थर लगाने का कार्य पूर्ण हो चुका है। इसके अतिरिक्त, छतरियों के फाउंडेशन का कार्य भी प्रगति पर है, जो इस परियोजना को और भव्यता प्रदान करेगा।

सुविधाजनक स्थल के रूप में उभरकर आएगा सामने : सरयू रिवर फ्रंट का निर्माण न केवल सरयू नदी के तट को सुंदर बनाने के लिए है, बल्कि यह पर्यटकों के लिए एक आधुनिक और सुविधाजनक स्थल के रूप में भी उभरेगा। इस रिवरफ्रंट पर श्रद्धालु सरयू नदी में स्नान के साथ-साथ ध्यान, योग और अन्य आध्यात्मिक गतिविधियों में हिस्सा ले सकेंगे। इसके अलावा, पर्यटकों के लिए आधुनिक सुविधाएं जैसे बैठने की व्यवस्था, छायादार स्थल और सैर-सपाटे के लिए सुंदर पथ भी उपलब्ध होंगे। रिवर फ्रंट का डिज़ाइन इस तरह तैयार किया गया है कि यह प्राकृतिक सौंदर्य के साथ-साथ आध्यात्मिकता को भी संजोए रखे।

राम नगरी में तेजी से हो रहा विकास : श्री राम मंदिर के निर्माण के साथ ही अयोध्या में सड़कों का चौड़ीकरण, हवाई अड्डे का निर्माण, रेलवे स्टेशन का आधुनिकीकरण और अन्य बुनियादी ढांचे का विकास तेजी से किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का मानना है कि सरयू रिवर फ्रंट का निर्माण अयोध्या को एक नया आयाम देगा। यह परियोजना रोजगार के अवसर भी पैदा कर रही है।

जल्द ही खोला जाएगा पर्यटकों के लिए : डीएम निखिल टीकाराम फुंडे ने बताया कि रिवरफ्रंट का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। लक्ष्य के अनुरूप इसे तैयार किया जा रहा है। जल्द ही यह पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा। इसमें 24 इंटरप्रिटेशन वाल, शिलालेख, साइनेज एवं 100 मीटर घाट की सीढ़ियों पर पत्थर लगाने का कार्य पूरा कर लिया गया है। 9 नग छतरी के फाउंडेशन का कार्य प्रगति पर है। इसके अलावा अयोध्या में अन्य पर्यटन सुविधाओं जैसे होटल, गेस्ट हाउस, और परिवहन व्यवस्था को भी बेहतर किया जा रहा है।

Similar Posts