< Back
अयोध्या
Ayodhya

अयोध्या से देशभर के 5 लाख मंदिरों के लिए रवाना किए गए 101 पूजित अक्षत कलश

अयोध्या

अयोध्या में अक्षत पूजन की तैयारी शुरू, 5 लाख मंदिरों के लिए रवाना हुआ 101 पूजित कलश

स्वदेश डेस्क
|
5 Nov 2023 3:48 PM IST

अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने जन्मभूमि मंदिर में रामलला की प्रतिष्ठापना के मद्देनजर रविवार को 'पूजित अक्षत कलश वितरण' कार्यक्रम का आयोजन किया। देश के चुनिंदा 101 कार्यकर्ताओं ने पूजन के बाद अक्षत कलश को विजय मंत्र के साथ ग्रहण किया और इसे लेकर अपने-अपने प्रांत के लिए रवाना हुए। अयोध्या में 22 जनवरी 2024 को जन्मभूमि मंदिर में रामलला की प्रतिष्ठापना के अवसर पर देशभर के पांच लाख मंदिरों में आनंदोत्सव मनाया जाएगा। इस कार्यक्रम में ग्रामीणों को पवित्र अक्षत देकर आमंत्रित किया जाएगा।

'पूजित अक्षत कलश वितरण' कार्यक्रम का आयोजन श्रीराम जन्मभूमि के सुग्रीव किला परिसर में किया गया। तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चम्पत राय ने 'पूजित अक्षत कलश वितरण' कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि 22 जनवरी 2024 को अयोध्या में जब श्रीराम जन्मभूमि मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा समारोह हो रहा होगा, उस समय देश के 5 लाख मंदिरों के चारों ओर अयोध्या जैसा ही आनंदोत्सव मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहेंगे।


चम्पत राय ने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा समारोह में देश के 127 प्रकार के संप्रदाय के पूज्य आचार्य, 13 अखाड़े के प्रतिनिधि शामिल होंगे। रामलला के समक्ष पूजित अक्षत देश के सभी हिस्सों में लेकर कार्यकर्ता जाएंगे। एक से 15 जनवरी, 2024 के बीच कार्यकर्ता टोली बनाकर घर-घर जाएंगे और प्राण प्रतिष्ठा के दिन मोहल्ले के नजदीक मंदिर में एकत्रित आने का निमंत्रण देंगे। अयोध्या के कार्यक्रम का प्रसारण दूरदर्शन पर होगा। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के ट्रस्टी एवं उडुपी स्थित पेजावर मठ के स्वामी श्री विश्व प्रसन्न तीर्थ महाराज ने कहा कि राम सिर्फ अयोध्या के ही नहीं बल्कि संपूर्ण देश के हैं। इसलिए गांव-गांव में 22 जनवरी को राम उत्सव होना चाहिए।

Similar Posts