< Back
Top Story
नाराजगी बिगाड़ सकती है कांग्रेस का समीकरण, सात नगर निगम में निर्दलीय लड़ रहे कांग्रेस प्रत्याशी
Top Story

छत्तीसगढ़ निकाय चुनाव: नाराजगी बिगाड़ सकती है कांग्रेस का समीकरण, सात नगर निगम में निर्दलीय लड़ रहे कांग्रेस प्रत्याशी

Deeksha Mehra
|
10 Feb 2025 11:48 AM IST

रायपुर, स्वदेश। नगरीय निकाय चुनावों के महासंग्राम में भले ही आम आदमी पार्टी ने भी अपनी मौजूदगी दिखाई है। लेकिन भाजपा व कांग्रेस में ही मुख्य मुकाबला है। सभी 10 निगमों को मिलाकर महापौर के लिए 79 प्रत्याशी मैदान में है, वहीं पार्षद के लिए 1889 प्रत्याशी हैं। मंगलवार 11 फरवरी को 44 लाख 87 हजार 668 मतदाता मतदान करेंगे।

अभी तक की स्थिति में देखा जाए तो प्रत्याशियों की नाराजगी राजनीतिक दलों का चुनावी समीकरण बिगाड़ सकती है। विशेषकर बगावत की बात करें तो कांग्रेस प्रत्याशियों में ज्यादा नाराजगी है। रायपुर, बिलासपुर, अंबिकापुर सहित सात निगमों में कांग्रेस को ही बागियों का सामना ज्यादा करना पड़ रहा है। कांग्रेस के प्रत्याशियों में ही बगावत ज्यादा है। वहीं भाजपा में भी कुछ क्षेत्रों में विरोध है।

रायपुर नगर निगम में सबसे ज्यादा महापौर के 16 प्रत्याशी

रायपुर नगर निगम में महापौर के सबसे ज्यादा 16 प्रत्याशी हैं। इसके साथ ही राजनांदगांव व कोरबा में 11-11 प्रत्याशी मैदान में उतरे हैं। वहीं दुर्ग में सबसे कम केवल दो ही प्रत्याशी है। इसके साथ ही वार्ड प्रत्याशियों की बात की जाए तो रायपुर में 306, कोरबा में 281, दुर्ग में 228 प्रत्याशी मैदान में हैं।

रायपुर, बिलासपुर व राजनांदगांव सीट को माना जा रहा सबसे हाट

महापौर सीट के लिए रायपुर नगर निगम के साथ ही बिलासपुर व राजनांदगांव सीट को भी सबसे हॉट सीट माना जा रहा है। कहा जा रहा है कि इन सीटों पर भाजपा व कांग्रेस के प्रत्याशियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी। रायपुर नगर निगम में महापौर के लिए भाजपा व कांग्रेस दोनों ने ही ब्राम्हण महिला को टिकट दिया है। इधर ब्राम्हण समाज के नेताओं ने भी कहा है कि मतदाता सभी ब्राम्हण प्रत्याशियों को जिताएं।

कांग्रेस ने मुस्लिम प्रत्याशी ज्यादा उतारे

कांग्रेस ने निकाय चुनावों में सबसे ज्यादा मुस्लिम प्रत्याशी उतारे है। 10 नगर निगमों के 542 वार्डों के लिए 40 मुस्लिम प्रत्याशी उतारे गए है। वहीं भाजपा ने 542 वार्डों में सिर्फ 4 प्रत्याशियों को टिकट दिया है।


Similar Posts