< Back
Top Story
कड़ी सुरक्षा के बीच अमरनाथ का पहला जत्था रवाना, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने दिखाई हरी झंडी
Top Story

Amarnath Yatra 2025: कड़ी सुरक्षा के बीच अमरनाथ का पहला जत्था रवाना, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने दिखाई हरी झंडी

Jagdeesh Kumar
|
2 July 2025 7:49 AM IST

अमरनाथ यात्रा के तीर्थयात्रियों का पहला जत्था जम्मू से रवाना हो गया। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने आज सुबह - सुबह श्री अमरनाथ यात्रा के लिए तीर्थयात्रियों के पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाई। उससे पहले उन्होंने जम्मू आधार शिविर यात्री निवास में पूजा-अर्चना की थी। इस दौरान हर - हर महादेव के नारे गूंजे। 38 दिनों तक चलने वाली इस यात्रा का समापन 7 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन होगा।

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

जत्था को रवाना करते हुए जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा, "श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड ने यात्रा के लिए बेहतरीन व्यवस्थाएं की हैं। जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षा बलों ने भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है। देशभर से श्रद्धालु यहां आए हैं। उत्साह बहुत अधिक है। भोलेनाथ के भक्त सभी आतंकी हमलों को दरकिनार कर भारी संख्या में यहां पहुंचे हैं। मुझे उम्मीद है कि इस साल की यात्रा पिछली यात्राओं से भी बेहतर होगी।"

अब तक 3.5 लाख लोगों ने रजिस्ट्रेशन

यह यात्रा पहलगाम और बालटाल रूटों से होते हुए जाएगी। इसी के चलते जम्मू - कश्मीर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH 44) में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रखी गई है। पिछले साल अमरनाथ यात्रा 52 दिन तक चली थी, जिसमें 5 लाख श्रद्धालु पहुंचे थे। इस साल अब तक 3.5 लाख लोगों ने रजिस्ट्रेशन करा लिया है।

कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार 5 जुलाई तक मौसम में बड़े फेरबदल के आसार नहीं हैं। 6-7 को जम्मू संभाग में कुछ हिस्सों में भारी बारिश के आसार हैं। यात्रियों से निवेदन किया गया है कि खराब मौसम की स्थिति में पवित्र गुफा के आसपास ही रुकें।

बीजेपी अध्यक्ष सत शर्मा ने कही ये बात

श्री अमरनाथ यात्रा पर जम्मू-कश्मीर भाजपा अध्यक्ष सत शर्मा ने कहा, "हजारों श्रद्धालु बाबा अमरनाथ के दर्शन के लिए जा रहे हैं...अभी दो महीने पहले एक अलग माहौल बना था, लेकिन आज हम देख सकते हैं कि कैसे श्रद्धालु बाबा भोले के नारे लगा रहे हैं...लोगों को विश्वास है कि वे सुरक्षित हाथों में हैं।"

Similar Posts