< Back
Top Story
समय से पहले पहुंचा मानसून, कई इलाकों में मचाई तबाही, उत्तर भारत में बारिश का रेड अलर्ट
Top Story

आज का मौसम: समय से पहले पहुंचा मानसून, कई इलाकों में मचाई तबाही, उत्तर भारत में बारिश का रेड अलर्ट

Jagdeesh Kumar
|
30 Jun 2025 9:00 AM IST

देश भर में मानसून दस्तक दे चुका है। इस बार समय से पहले मानसून ने दस्तक देकर भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों को राहत दी है। लेकिन कुछ राज्यों में बारिश ने तबाही मचा दी है। राजधानी दिल्ली समेत उसके समीपवर्ती क्षेत्रों में पिछले दो दिनों से झमाझम बारिश हो रही है।

मौसम विभाग के मुताबिक हिमाचल प्रदेश और पंजाब समेत लगभग पूरे देश में अगले सात दिनों तक मूसलाधार बारिश होने की संभावना है और रेड से लेकर यलो अलर्ट तक जारी किया गया है।

7 दिन पहले पहुंचा मानसून

मौसम विभाग विज्ञान के अनुसार रविवार को राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हरियाणा के शेष भागों और पूरी दिल्ली को कवर कर लिया है। 2020 के बाद पहली बार समय से पहले मानसून ने दस्तक दे दी है। अगले सात दिनों तक उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत में मूसलाधार बारिश जारी रहने की संभावना है। इस बार 26 जून तक ही मानसून ने पूरे देश को कवर कर लिया है।

दिल्ली में बारिश का येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने दिल्ली में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। IMD ने चेतावनी जारी करते हुए कहा कि सोमवार को दिल्ली में आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। राजधानी में 32 और 24 डिग्री सेल्सियस तापमान रहेगा।

पंजाब हरियाणा में भारी बारिश

रविवार को रोहतक, गुरुग्राम, कैथल, नूह और पंचकुला में भारी बारिश हुई और लगभग 91 मिमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं, पंजाब के भी कई जिलों में बारिश हुई है।

उत्तराखंड हिमाचल में बारिश का रेड अलर्ट

उत्तराखंड और हिमाचल में इन दिनों बारिश ने तबाही मचा रखी है। सोमवार को भी भारी से भारी बारिश होने की संभावना है। उत्तराखंड के देहरादून समेत उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, चम्पावत और ऊधमसिंह नगर जिले में बारिश होने की संभावना है। वहीं, हिमाचल के सिरमौर, सोलन, शिमला और बिलासपुर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

Similar Posts