< Back
Top Story
Top Story

गुजरात: अहमदाबाद क्राइम ब्रांच का बड़ा एक्शन, करीब 500 बांग्लादेशी घुसपैठियों को दबोचा

Jagdeesh Kumar
|
26 April 2025 9:08 AM IST

गुजरात में क्राइम ब्रांच और पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अहमदाबाद शहर में अवैध रुप से रह रहे करीब 500 विदेशी प्रवासियों को हिरासत में लिया है।

पहलगाम की घटना के बाद से देश में सीमा सुरक्षा को मज़बूत कर दिया गया है। जिसके चलते गुजरात में एक साथ सैकड़ो बांग्लादेशी घुसपैठियों को पकड़ा गया है। अहमदाबाद क्राइम ब्रांच और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में शनिवार सुबह से तलाशी अभियान चलाया गया था, जिसमें शहर में अवैध रुप से रह रहे करीब 500 विदेशी प्रवासियों को हिरासत में लिया गया है।

सुबह तीन बजे से चल रहा था तलाशी अभियान

जानकारी के मुताबिक आज यानी शनिवार सुबह 3 बजे से अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने एसओजी, EOW, जोन 6 और मुख्यालय की टीमों के साथ मिलकर अहमदाबाद शहर में अवैध रूप से रह रहे विदेशी प्रवासियों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान 400 से ज़्यादा संदिग्ध प्रवासियों को हिरासत में लिया गया है।

पुलिस ने दी ये जानकारी

अहादाबाद क्राइम ब्रांच के ज्वाइंट सीपी शरद सिंघल ने इस घटना की जानकारी देते हुए बताया कि "अप्रैल 2024 से अब तक 2 FIR दर्ज की हैं। गृह मंत्री, सीपी और डीजीपी के निर्देश पर क्राइम ब्रांच ने 127 अवैध बांग्लादेशियों को पकड़ा गया और 77 को निर्वासित किया गया। इनपुट मिले थे कि चंदोला इलाके में बड़ी संख्या में बांग्लादेशी रह रहे हैं। आज शनिवार सुबह पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया। जिसमें अब तक 457 लोगों को हिरासत में लिया है। पूछताछ के बाद निर्वासन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।”

कैसे होगी पहचान?

अहादाबाद क्राइम ब्रांच के ज्वाइंट सीपी शरद सिंघल ने बताया कि इनकी पहचान कई आधार पर की जाएगी। इसके आईडी कार्ड कब बना? इनका जन्म कहां हुआ? इनके माता - पिता कहां हैं? ये कब - कब बांग्लादेश गए हैं और सबसे आखिरी में अभी किसके संपर्क में हैं? इन सब जानकारियों के आधार पर इनकी पहचान की जाएगी।

Similar Posts