< Back
छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ विधानसभा में उठा धान उठाव का मुद्दा, भूपेश बघेल खाद्य मंत्री पर दागे सवाल
छत्तीसगढ़

CG Budget Session 2025: छत्तीसगढ़ विधानसभा में उठा धान उठाव का मुद्दा, भूपेश बघेल खाद्य मंत्री पर दागे सवाल

Deeksha Mehra
|
11 March 2025 11:51 AM IST

CG Budget Session 2025 : रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में मंगलवार को हुए प्रश्नकाल के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने धान-चावल के उठाव और उनके उपयोग को लेकर सवाल उठाया। उन्होंने खाद्य मंत्री दयालदास बघेल से सवाल किया कि सरकार इस विषय पर क्या निर्णय लेने वाली है। खाद्य मंत्री ने इस पर जवाब देते हुए कहा कि सरकार इस पर जल्द ही निर्णय लेगी। भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने इस पर टिप्पणी करते हुए कहा कि पिछली सरकार जो व्यवस्था लागू करती थी, वही वर्तमान सरकार भी लागू करेगी।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने प्रश्न की शुरुआत खरीफ वर्ष 2024-25 में केंद्रीय पुल से धान उठाव और चावल जमा करने के विषय से की। इस पर खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने जानकारी दी कि इस वर्ष 69.72 लाख मीट्रिक टन चावल जमा करने का लक्ष्य रखा गया है, और अब तक 9 लाख मीट्रिक टन चावल जमा किया जा चुका है।

इसके बाद, कांग्रेस विधायक संगीता सिन्हा ने संजारी बालोद में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि 2024-25 में उनके विधानसभा क्षेत्र में 2 करोड़ 22 लाख 500.48 टन धान खरीदी की गई है। उन्होंने मंत्री से यह भी पूछा कि संजारी बालोद में इस वर्ष धान खरीदी का लक्ष्य क्या रखा गया है। मंत्री दयालदास बघेल ने जवाब दिया कि लक्ष्य निर्धारित नहीं, बल्कि अनुमानित होता है।

संगीता सिन्हा ने यह भी सवाल किया कि रकबा के मुकाबले कम धान खरीदी क्यों हुई है। इस पर मंत्री ने कहा कि जितना धान किसानों से आया, उतना ही खरीदा गया है। इस जवाब से यह स्पष्ट हुआ कि खरीदी की प्रक्रिया किसानों की आपूर्ति पर आधारित है, और सरकार इस प्रक्रिया को जारी रखने का प्रयास कर रही है।

Similar Posts