< Back
मध्यप्रदेश
MP Cold Update

MP Cold Update

मध्यप्रदेश

MP Cold Update: मध्य प्रदेश में तेजी से गिरा तापमान, शीतलहर और कोहरे का अलर्ट जारी; जानिए ताजा अपडेट

Deeksha Mehra
|
2 Jan 2025 8:22 AM IST

Madhya Pradesh Cold Update: भोपाल। मध्य प्रदेश में एक बार फिर से हाड़ कंपाने वाली सर्दी ने दस्तक दे दी है। उत्तर भारत में हो रही बर्फबारी और वहां से आने वाली बर्फीली हवाओं की वजह से प्रदेश में कड़ाके की ठंड एक बार फिर शुरू हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार, इन हवाओं के कारण प्रदेश के कई इलाकों में तापमान में 3-4 डिग्री की गिरावट आई है, जिसके चलते ठिठुरन बढ़ गई है। खासकर सुबह और शाम के समय ठंड का असर ज्यादा महसूस हो रहा है।

भोपाल समेत प्रदेश के अन्य कई प्रमुख शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे गिर गया है। शहडोल जिले के कल्याणपुर में सबसे कम तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इसके अलावा रायसेन, रीवा, जबलपुर, सीधी, नर्मदापुरम, सतना, गुना, शिवपुरी, सिवनी, उमरिया, उज्जैन, और बालाघाट जैसे जिलों में भी कोल्ड डे की स्थिति रही। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है, अगले तीन से चार दिन तक मौसम ऐसे ही रहने वाला हैं और कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।

शीतलहर और कोहरे का अलर्ट

मौसम विभाग ने 3 जनवरी को मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों में शीतलहर और कोहरे का अलर्ट जारी किया है। जिन जिलों में शीतलहर का प्रभाव अधिक रहेगा, उनमें मुरैना, भिंड, दतिया, राजगढ़, सागर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, दमोह, उमरिया, कटनी, और जबलपुर शामिल हैं। मध्य प्रदेश के 28 जिलों में कोहरे का असर देखने को मिलेगा, जिसमें भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, और सागर प्रमुख हैं।

इसलिए बढ़ रही ठंड

मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और लद्दाख में हो रही बर्फबारी के कारण बर्फीली हवाएं मध्य प्रदेश की ओर आ रही हैं। इस वजह से प्रदेश में ठंड का असर और बढ़ेगा और तापमान में और गिरावट हो सकती है। अनुमान के मुताबिक, जनवरी में 20 से 22 दिन तक शीतलहर और कोल्ड डे की स्थिति बनी रह सकती है।

Similar Posts