< Back
Lead Story
पूर्व बीजेपी विधायक सुखविंदर सिंह मांढी कांग्रेस में हुए शामिल, टिकट कटने से थे नाराज
Lead Story

Haryana Politics: पूर्व बीजेपी विधायक सुखविंदर सिंह मांढी कांग्रेस में हुए शामिल, टिकट कटने से थे नाराज

Deeksha Mehra
|
14 Sept 2024 2:47 PM IST

Sukhwinder Singh Mandi joins Congress : दिल्ली। हरियाणा में भाजपा को फिर जोरदार झटका लगा है। बाढ़ड़ा विधानसभा सीट से टिकट कटने के बाद बागी हुए पूर्व भाजपा विधायक सुखविंदर सिंह मांढी ने अपने समर्थकों के साथ शनिवार को कांग्रेस ज्वाइन कर ली है। सुखविंदर सिंह मांढी हरियाणा के नेता प्रतिपक्ष और वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा की मौजूदगी में कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए है।

बीजेपी की लिस्ट आने के बाद दिया था इस्तीफ़ा

सुखविंद्र सिंह मांढी ने बाढ़ड़ा विधानसभा सीट से 2014 व 2019 में चुनाव लड़ चुके हैं। एक बार वे विधायक चुने गए, जबकि दूसरा चुनाव हार गए। बता दें कि पूर्व विधायक सुखविंद्र सिंह मांढी करीब 10 सालों तक भाजपा से जुड़े रहे हैं। वर्तमान में वे भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष थे और बाढ़ड़ा से टिकट के प्रबल दावेदार थे।

भाजपा ने सुखविंद्र सिंह मांढी का टिकट काटकर उमेद सिंह पातुवास को दे दिया। उन्होंने 4 सितंबर को भाजपा के उम्मीदवारों की लिस्ट जारी होने के चंद मिनट बाद ही पद छोड़ते हुए पार्टी को अलविदा कह दिया था। उनके समर्थकों ने बाढ़ड़ा में जमकर विरोध जताया और रोष प्रदर्शन करते हुए भाजपा का पुतला व झंडे जलाएं।

इन नेताओं ने टिकट नहीं मिलने पर छोड़ी पार्टी

बता दें इससे पहले 11 सितंबर को युवा नेता देवेंद्र कादियान ने टिकट नहीं मिलने पर भाजपा पर 100 करोड़ रुपये देकर टिकट देने का आरोप लगाया।इसके अलावा भारतीय कुश्ती संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष कादियान ने फेसबुक पर लाइव आकर पार्टी छोड़ने और आजाद उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया।

कादियान के अलावा पार्टी के छह और नेताओं ने भी टिकट नहीं मिलने पर भाजपा छोड़ने का एलान किया। इनमें असंध के पूर्व विधायक जिले राम शर्मा, भाजपा किसान मोर्चा के अंबाला जिला प्रभारी सोनू हरयौली, प्रदेश प्रवक्ता सत्यव्रत शास्त्री, पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष व प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष यादव, रेवाड़ी से भाजपा नेता सतीश यादव और नारनौल से पूर्व जिला प्रधान व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य शिवकुमार मेहता ने भी सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। भाजपा के तीन बागियों को आम आदमी पार्टी ने मंगलवार को अपना प्रत्याशी बनाकर चुनाव मैदान में उतार दिया।

Similar Posts