< Back
उत्तरप्रदेश
सार्वजनिक स्थानों पर लगेंगे पत्थरबाजों के पोस्टर, वसूली भी होगी

संभल हिंसा 

उत्तरप्रदेश

संभल हिंसा के बाद योगी सरकार सख्त: सार्वजनिक स्थानों पर लगेंगे पत्थरबाजों के पोस्टर, वसूली भी होगी

Gurjeet Kaur
|
27 Nov 2024 11:26 AM IST

उत्तरप्रदेश। संभल हिंसा के बाद योगी सरकार सख्त एक्शन लेने जा रही है। संभल के पत्थरबाजों और उपद्रवियों पर सख्त एक्शन लेते हुए योगी सरकार ने तय किया है कि, सार्वजनिक स्थानों पर पत्थरबाजों और उपद्रवियों के पोस्टर लगेंगे इनके अलावा इनसे नुकसान की वसूली भी होगी। योगी सरकार पहले ही उपद्रवियों अपराधियों के खिलाफ क्षतिपूर्ति संबंधी अध्यादेश जारी कर चुकी है।सूत्रों के अनुसार पत्थरबाजों और उपद्रवियों को पकड़ने के लिए इनाम भी घोषित हो सकता है।

संभल में जामा मस्जिद परिसर में रविवार को सर्वे के दौरान हिंसा भड़क गई थी। तीसरे दिन यानी मंगलवार से हालात में सुधार देखने को मिला। बाजार और स्कूल खोल दिए गए है। इससे जहां व्यापारियों ने राहत महसूस की वहीं स्कूल जाते बच्चों के चेहरे खिले-खिले नजर आए।

इस हादसे से उबरने की कोशिश में जुटे हिंदू और मुस्लिम समाज के लोग घटना को भूलकर अब संभल को विकास की राह पर ले जाने, सामाजिक सद्भाव और आपसी एकता पर जोर दे रहे हैं। संभल में रविवार को जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान हालत खराब हो गए थे।

पत्थरबाजी और आगजनी की घटना में चार लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना में करीब 20 लोग घायल भी हुए थे। पुलिस ने इस संबंध में सोमवार को 25 लोगों को गिरफ्तार किया था। अब तक इस मामले में 27 लोग गिरफ्तार हो गए हैं। इनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। सूत्रों ने बताया कि, सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क और विधायक नवाब इकबाल महमूद के बेटे नवाब सोहेल इकबाल के करीबियों पर यूपी पुलिस की नजर है। सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क और विधायक नवाब इकबाल महमूद के बेटे नवाब सोहेल के खिलाफ पुलिस द्वारा एफआईआर भी दर्ज की जा चुकी है।

Similar Posts