< Back
उत्तरप्रदेश
इफको प्लांट में बड़ा हादसा: वायलर में धमाके से तीन कर्मचारियों की मौत, कई घायल
Prayagraj
उत्तरप्रदेश

इफको प्लांट में बड़ा हादसा: वायलर में धमाके से तीन कर्मचारियों की मौत, कई घायल

Swadesh Lucknow
|
23 March 2021 4:44 PM IST

इफको के प्लांट नंबर एक में तेज आवाज के साथ बॉयलर फट गया। बॉयलर फटते ही अफरातफरी मच गई।

प्रयागराज: प्रदेश के बड़े रसायनिक प्लांट में शुमार जिले के फूलपुर में स्थित इफको प्लांट में मंगलवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। प्लांट के बॉयलर फटने से तीन कर्मचारियों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई वहीं कई कर्मचारी गम्भीर रूप से घायल हो गए। कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है। गंभीर स्थिति में कर्मचारियों को जिले के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

प्लांट नंबर एक में फटा बॉयलर

जानकारी के मुताबिक मंगलवार दोपहर फूलपुर के घिया नगर स्थित इफको के प्लांट नंबर एक में तेज आवाज के साथ बॉयलर फट गया। बॉयलर फटते ही अफरातफरी मच गई। परिसर में धुआं फैल गया। कर्मचारियों में भगदड़ मच गई। बॉयलर से कुछ दूरी पर लंच कर रहे 17 मजदूर इसकी चपेट में आ गए। तत्काल सभी को इफको अस्पताल पहुंचाया गया। यहां प्रदीप यादव नामक एक कर्मचारी को मृत घोषित कर दिया गया। अन्य गंभीर कर्मचारियों को जिले के अलग अलग अस्पतालों में रेफर किया गया।

हादसे वाली जगह पहुंच रहे परिजन

अलग अलग अस्पतालों में भेजे गए 11 कर्मचारियों में से दो अन्य की अस्पताल में मौत हो गई। पांच का फूलपुर इफको अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद इफको गेट पर ताला लगा दिया गया। कर्मचारियों के परिजनों का जमावड़ा गेट पर लगने के कारण भारी फोर्स भी तैनात कर दी गई। प्लांट में कार्यरत कर्मचारियों के परिजन अपनों का हाल जानने के लिए प्लांट के मुख्य गेट पर पहुंच रहें हैं, लेकिन प्लांट की ओर से परिजनों को कोई जानकारी उपलब्ध नही हो पा रही है।

Similar Posts