< Back
उत्तरप्रदेश
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने त्रिवेणी संगम में लगाई 11 डुबकी, जानिए घाट पर प्रबंधन को लेकर क्या कहा...
उत्तरप्रदेश

Maha Kumbh 2025: सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने त्रिवेणी संगम में लगाई 11 डुबकी, जानिए घाट पर प्रबंधन को लेकर क्या कहा...

Gurjeet Kaur
|
26 Jan 2025 3:49 PM IST

Maha Kumbh 2025 : उत्तरप्रदेश। सपा प्रमुख अखिलेश यादव अचानक प्रयागराज पहुंचे और त्रिवेणी संगम में आस्था की डुबकी लगाई। उन्होंने संगम में 11 बार पवित्र डुबकी लगाई। इस मौके पर उनके समर्थक भी उनके साथ मौजूद थे। उन्होंने कहा कि, नकारात्मक राजनीति के लिए कोई जगह नहीं है।

समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि, "लोग अपनी निजी आस्था लेकर यहां आते हैं। मैंने 11 पवित्र डुबकी लगाईं। विभाजनकारी और नकारात्मक राजनीति के लिए कोई जगह नहीं है। जिस दिन मैंने हरिद्वार में डुबकी लगाई - वह दिन एक उत्सव था। आज, मुझे यहां पवित्र डुबकी लगाने का अवसर मिला... सरकार में बैठे लोगों को इस आयोजन को खेल आयोजन नहीं बनाना चाहिए... मैंने देखा है कि बुजुर्ग लोग जो विभिन्न स्थानों से आ रहे हैं - इस तरह का प्रबंधन होना चाहिए था कि किसी को कोई कठिनाई न हो।"

जानकारी के अनुसार, सपा प्रमुख अखिलेश यादव रविवार दोपहर लखनऊ एयरपोर्ट से प्रयागराज पहुंचे थे। यहां उन्होंने संगम में डुबकी लगाई है। अब खबर है कि, मेला क्षेत्र में स्थापित मुलायम सिंह यादव की मूर्ति पर माल्यार्पण करने के बाद वे साधु - संतों और सपा के नेताओं - कार्यकर्ताओं से बातचीत करेंगे।

क्यों अहम है अखिलेश की संगम में डुबकी :

दरअसल, प्रयागराज में पवित्र स्नान को शुरू हुए दस दिन से भी अधिक समय हो गया है। अब तक कई नेता और उद्यमी यहां स्नान करने आए हैं। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के संगम न आने पर भाजपा नेता लगातार सवाल कर रहे थे। संगम में 11 डुबकी लगाकर अखिलेश यादव ने अपने विरोधियों की बोलती बंद तो की ही साथ ही साथ भाजपा सरकार पर भी निशाना साधा है।

Similar Posts