< Back
अन्य
झारखंड में अगले दो सप्ताह तक लॉकडाउन में कोई छूट नहीं : सीएम
अन्य

झारखंड में अगले दो सप्ताह तक लॉकडाउन में कोई छूट नहीं : सीएम

Swadesh Digital
|
3 May 2020 3:00 PM IST

रांची। झारखंड में अगले दो सप्ताह तक लॉकडाउन में किसी प्रकार की ढील नहीं दी जाएगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि अगले दो सप्ताह तक राज्य में पहले की तरह ही यथास्थिति बरकरार रहेगी। इस संबध में सीएम सोरेन ने ट्वीट कर जानकारी दी है। उन्होंने लिखा, 'हमारे श्रमिक भाई-बहन, छात्र-छात्राएं एवं अन्य लोग विभिन्न राज्यों से अपने घर आ रहे हैं। इसलिए एहतियात के तौर पर झारखण्ड राज्य में अगले 2 हफ्तों तक लॉकडाउन लागू रहेगा। केंद्र सरकार द्वारा लॉकडाउन में छूट को लेकर दिए गए नए निर्देश फिलहाल झारखण्ड में लागू नहीं होंगे।'

झारखंड में इन दिनों बाहर से छात्र, श्रमिक एवं अन्य लोग वापस आ रहे हैं। ऐसे में कोरोना वायरस के संक्रमण के बढ़ने का खतरा ज्यादा है। इसी वजह से एहतियात के तौर पर झारखंड सरकार ने यह फैसला लिया है।

कोरोना वायरस संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए जारी लॉकडाउन-2 का आज आखिरी दिन है। इससे पहले शुक्रवार (एक मई) को केंद्रीय गृह मंत्रालय ने दो सप्ताह के लिए लॉकडाउन को बढ़ा दिया था। लॉकडाउन-3 चार मई से शुरू होकर 17 मई तक चलेगा। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने तीसरे लॉकडाउन में कई तरह की छूट दी है। हालांकि ये छूट अब झारखंड में लागू नहीं होंगे और राज्य में यथास्थिति बरकरार रहेगी।

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने लॉकडाउन तीन की घोषणा करते हुए ग्रीन और ऑरेंज जोन में तमाम तरह की गतिविधियों के लिए इजाजत दी है। इसके साथ ही रेड जोन में कुछ शर्तों को साथ रियायत दी गई है। सिर्फ और सिर्फ कंटेनमेंट जोन में किसी प्रकार की कोई छूट नहीं मिली है। बता दें कि झारखंड में सिर्फ रांची ही रेड जोन में शामिल है।

Similar Posts