< Back
अन्य
भाजपा ने महाराष्ट्र विधान परिषद की 4 सीटों पर हासिल की जीत, वर्चस्व बरकरार
अन्य

भाजपा ने महाराष्ट्र विधान परिषद की 4 सीटों पर हासिल की जीत, वर्चस्व बरकरार

स्वदेश डेस्क
|
14 Dec 2021 4:42 PM IST

मुंबई। महाराष्ट्र विधान परिषद की 6 सीटों पर हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने 4 सीटों पर जीत हासिल कर अपना वर्चस्व बरकरार रखा है। राज्य में तीन दलों की महा विकास अघाड़ी को सिर्फ दो सीटें हासिल हो सकी हैं। इनमें एक सीट शिवसेना और एक कांग्रेस पार्टी के खाते में गई है।

महाराष्ट्र विधान परिषद की स्थानीय निकाय निर्वाचन क्षेत्र की 6 सीटों में से 4 में निर्विरोध चुनाव हो गया था। मंगलवार को सुबह से नागपुर तथा आकोला-वासिम-बुलढ़ाणा सीट पर हुए चुनाव की मतगणना हो रही थी। नागपुर में भाजपा उम्मीदवार चंद्रशेखर बावनकुले ने कांग्रेस उम्मीदवार मंगेश देशमुख को पराजित कर यह सीट भाजपा की झोली में डाल दी है। इसी तरह आकोला वासिम बुलढाणा में वसंत खंडेलवाल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी गोपीकिशन बाजोरिया को पराजित किया है। मुंबई नगर निगम से शिवसेना के तथा भाजपा के राजहंस सिंह निर्विरोध चुने गए हैं। कोल्हापुर से कांग्रेस पार्टी के सतेज पाटिल तथा धुले-नंदूरबार से अमरीश पटेल निर्विरोध चुके गए हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने बताया कि इस चुनाव में कांग्रेस की भूमिका बिल्कुल बचकाना थी। महाविकास अघाड़ी में अगर हिम्मत है तो वह विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव गोपनीय तरीके से करवाए, दूध का दूध पानी का पानी साफ हो जाएगा। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष देवेंद्र फडणवीस ने कहा इस जीत से भाजपा के हौसले बुलंद हुए हैं।कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पाटोले ने कहा कि यह चुनाव जनप्रतिनिधियों का था, इसलिए इससे लोगों की भावनाओं का आकलन नहीं किया जा सकता है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता नवाब मलिक ने कहा कि इस चुनाव में भी भाजपा ने हार्सट्रेडिंग किया है। वे विधान परिषद का चुनाव भी साफ सुथरे माहौल में करवाए जाने की मांग करने वाले हैं।

Similar Posts