< Back
मध्यप्रदेश
इंदौर कांग्रेस नेता तांत्रिक बनकर भूत भगाते नजर आए, हैलोवीन पार्टी का कर रहे थे विरोध

इंदौर कांग्रेस नेता तांत्रिक बनकर भूत भगाते नजर आए

मध्यप्रदेश

अनोखा प्रदर्शन: इंदौर कांग्रेस नेता तांत्रिक बनकर भूत भगाते नजर आए, हैलोवीन पार्टी का कर रहे थे विरोध

Gurjeet Kaur
|
25 Oct 2024 3:26 PM IST

अनोखा प्रदर्शन : इंदौर, मध्यप्रदेश। कांग्रेस ने शुक्रवार को इंदौर में एक अनोखा प्रदर्शन किया। कांग्रेस के कुछ नेता तांत्रिक बनकर भूत भगाते नजर आए। भूतों को भगाने के लिए तांत्रिक बने नेताओं का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। जानकारी के अनुसार ये सभी नेता उस हैलोवीन पार्टी का विरोध कर रहे थे जिसकी चर्चा पिछले कुछ दिनों से इंदौर में खूब हो रही है।

दरअसल, इंदौर शहर के एतिहासिक महात्मा गांधी मेडिकल कॉलेज कैंपस में 146 साल पुरानी इमारत में हैलोवीन पार्टी हुई थी। इस पार्टी में बीजेपी नेता अक्षय कांति बम भी शामिल हुए थे। इस पार्टी को कांग्रेस जमकर राजनीति करती नजर आ रही है। केईएम बिल्डिंग पर शुक्रवार को कांग्रेस नेता तांत्रिक क्रिया कर भूत भगाते दिखाई दिए। इस तरह की तंत्र क्रिया का उद्द्देश्य हैलोवीन पार्टी का विरोध करना था।

कांग्रेस नेताओं का वीडियो शेयर करते हुए बीजेपी नेता नरेंद्र सलूजा ने कहा कि, "जीतू पटवारी के अध्यक्षीय कार्यकाल में कांग्रेस के नेता भूत भगा रहे है...? यह है मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी की इंदौर की कांग्रेस की हालत....?

तांत्रिक बनकर भूत भगा रहे है...पटवारी जी को तो इन कांग्रेसियों को भोपाल बुलाकर पीसीसी पर भी इस तरह की क्रिया करवाना चाहिये...क्योंकि वास्तु दोष दूर करने के बाद भी कांग्रेस के दोष तो दूर नहीं हुए है , क्या पता इस तरह की तांत्रिक क्रिया के बाद उनकी 10 माह से अटकी पड़ी कार्यकारिणी ही घोषित हो जाये।"

बात दें कि, बीते दिनों हैलोवीन पार्टी की तस्वीरें सामने आई थी। इन तस्वीरों में बीजेपी नेता अक्षय कांति बम भी नजर आए थे। ये वही नेता हैं जो लोकसभा चुनाव के समय कांग्रेस को छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे। उन्होंने कांग्रेस का साथ उस समय छोड़ा था जब नामांकन का आखिरी दिन था। इसके बाद कांग्रेस चुनाव में प्रत्याशी नहीं उतार पाई थी।

कांग्रेस की मांग है कि, हैलोवीन पार्टी के लिए बीजेपी नेता अक्षय कांति बम और कॉलेज के डीन पर एफआईआर की जाए। तस्वीरें वायरल होने के बाद से इस मसले पर जमकर सियासत हो रही है।

Similar Posts