< Back
मध्यप्रदेश
पीथमपुर में यूका का कचरा जलाए जाने का विरोध, पुलिस ने किया लाठीचार्ज
मध्यप्रदेश

Union Carbide Waste: पीथमपुर में यूका का कचरा जलाए जाने का विरोध, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

Gurjeet Kaur
|
3 Jan 2025 11:30 AM IST

Union Carbide Waste : मध्य प्रदेश। भोपाल की यूनियन कार्बाइड फैक्ट्री से जहरीले कचरे को धार के पीथमपुर में जलाए जाने के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। भोपाल गैस त्रासदी के 40 साल बाद कचरा पीथमपुर में जलाया जाएगा। इसे लेकर स्थानीय लोगों में भय का माहौल है।

पीथमपुर में 3 जनवरी को कई संगठनों ने बंद का आवाहन किया था। इसी के मद्देनजर आज, शुक्रवार को कई दुकानें बंद नजर आई। लोगों ने सड़क पर चक्काजाम करने की भी कोशिश की हालांकि पुलिस द्वारा बल प्रयोग कर लोगों को खदेड़ दिया गया। यह प्रदर्शन तब हो रहा है जब मुख्यमंत्री ने एक दिन पहले ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर लोगों को आश्वस्त किया है कि, कचरा जलाए जाने से किसी को कोई नुकसान नहीं होगा।

पीथमपुर में आक्रोशित जनता ने कई मार्ग बाधित कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि, हजारों की संख्या में लोग प्रदर्शन करने के लिए सड़कों पर उतरे हैं। लोग पर्यावरण बचाओ और पीथमपुर बचाओ के बैनर लेकर सड़क पर प्रदर्शन कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि, यहां यूका का जहरीला कचरा नहीं जलने दिया जाएगा। पुलिस द्वारा इलाके को छावनी मैं तब्दील कर दिया गया है। भारी मात्रा में पुलिस बल को तैनात किया गया है।

कमलेश्वर डोडियार भी प्रदर्शन में शामिल :

पीथमपुर में विधायक कमेलश्वर डोडियार भी प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि, यहां का पानी और मिट्टी प्रदूषित न हो इसके लिए लोग प्रदर्शन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री की बात पर डोडियार ने कहा कि, 'वे प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी झूठ कह रहे थे कि, वे भोपाल गैस त्रासदी के समय भोपाल में थे जबकि वे आज 51 साल के हैं 40 साल पहले वे 11 साल के थे। इस तरह क्या वे 11 साल की उम्र में अभाविप के साथ शामिल होकर भोपाल आए थे।'

Similar Posts