मध्यप्रदेश
जन-जन तक पहुंचाएंगे भगवान बिरसा मुंडा की शौर्य गाथा: डॉ. मोहन यादव
मध्यप्रदेश

जन-जन तक पहुंचाएंगे भगवान बिरसा मुंडा की शौर्य गाथा: डॉ. मोहन यादव

Swadesh Bhopal
|
11 Nov 2025 12:23 PM IST

राष्ट्रीय संगठन पदाधिकारियों ने किया अजजा मोर्चा की कार्यशाला का उद्घाटन

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी. एल. संतोष और राष्ट्रीय संगठक वी. सतीश ने सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में जनजातीय संकुल विकास परियोजना पर आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यशाला का उद्घाटन किया।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह हमारा बड़ा गौरव है कि मध्यप्रदेश के अनेक जनजातीय महावीरों और महापुरुषों ने आजादी के आंदोलन में अपना बलिदान दिया। रानी दुर्गावती की शौर्य गाथा को मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार ने पाठ्यक्रम में शामिल कर लोगों तक पहुंचाया है। अब सरकार और संगठन मिलकर भगवान बिरसा मुंडा की शौर्य गाथा को जन-जन तक पहुंचाएंगे।

डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार जनजातीय समाज के विकास और उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है। भाजपा सरकार ने जनजातीय समाज के अधिकार लौटाए और उन्हें सशक्त बनाया।

कार्यशाला के विभिन्न सत्रों को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और विधायक हेमंत खंडेलवाल, केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके, श्रीमती सावित्री ठाकुर, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद समीर उरांव, प्रदेश महामंत्री व सांसद डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी ने संबोधित किया।

5 दिन तक कार्यक्रम, मेले और शिविर आयोजित होंगे

डॉ. यादव ने बताया कि 11 से 15 नवंबर तक पूरे प्रदेश में भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के उपलक्ष्य में कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें स्वास्थ्य शिविर, जनजातीय सम्मेलन, यात्राएं, जनजातीय कला और व्यंजन मेले, महानायकों पर संगोष्ठियां और हितलाभ वितरण शामिल होंगे। जबलपुर और अलीराजपुर में भव्य समापन समारोह आयोजित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा संगठन और सरकार भगवान बिरसा मुंडा जैसे समाज सुधारकों के शौर्य और योगदान को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रही है। सरकार न केवल इतिहास का सम्मान कर रही है, बल्कि भविष्य की दिशा भी तय कर रही है।

रैली रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में 11 से 15 नवंबर तक प्रदेश के 24 जिलों के 47 विधानसभा क्षेत्रों में रैलियां आयोजित की जाएंगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके और श्रीमती सावित्री ठाकुर ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में रैली रथ को हरी झंडी दिखाकर जिलों के लिए रवाना किया।

इस अवसर पर प्रदेश शासन के मंत्री विजय शाह, श्रीमती संपतिया उइके, प्रदेश महामंत्री व सांसद डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी, श्रीमती लता वानखेड़े, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज टेकाम, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Similar Posts