मध्यप्रदेश
शीतलहर की चपेट में राजधानी, अभी और बढ़ेगी ठंड
मध्यप्रदेश

शीतलहर की चपेट में राजधानी, अभी और बढ़ेगी ठंड

Swadesh Bhopal
|
14 Nov 2025 12:31 PM IST

मौसम विभाग ने जताई शीतलहर की चेतावनी
साफ आसमान और उत्तरी हवाओं के कारण बढ़ा ठंड का असर

मध्य प्रदेश में इस बार ठंड ने रिकॉर्ड तोड़ शुरुआत की है। साफ आसमान और उत्तरी हवाओं के कारण ठंड का असर बढ़ा है। प्रदेश के सात जिले शीतलहर की चपेट में हैं। भोपाल में तापमान सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। आगामी 16 नवंबर से यहां शीतलहर चलने की संभावना जताई गई है।

इंदौर संभाग के जिलों में तापमान सामान्य से 7 डिग्री सेल्सियस तक कम रहा। उज्जैन, रीवा, जबलपुर और सागर संभाग के जिलों में यह न्यूनता 3.1-4.4 डिग्री सेल्सियस रही।

इस बार ठंड ने रिकॉर्ड तोड़ शुरुआत की

आम तौर पर नवंबर के आखिरी हफ्ते में शीतलहर का असर दिखाई देता है, लेकिन इस बार पहले सप्ताह से ही ठंड ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया था। दूसरे जिलों की तरह इसका असर राजधानी भोपाल में भी देखा गया। यहां रात के तापमान में भारी गिरावट आई है। गुरुवार को यह 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में सूरज की चमक के बावजूद ठंड ने परेशान किया।नर्मदापुरम, ग्वालियर, चंबल और शहडोल संभागों के जिलों में तापमान सामान्य से 1.7-2.6 डिग्री सेल्सियस तक कम रहा।

पश्चिमी विक्षोभ का असर

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ वायुमंडल की ऊपरी सतह पर 3.1 किमी की ऊंचाई पर बना हुआ है। इसके साथ ही एक ट्रफ उत्तर-पूर्व दिशा में आगे बढ़ चुका है। फिलहाल यह सिस्टम प्रदेश के मौसम पर कोई सीधा प्रभाव नहीं डाल रहा है, लेकिन इसके कारण उत्तरी हवाएं तेज हो गई हैं, जिससे ठंड का असर और बढ़ रहा है।

Similar Posts