मध्यप्रदेश
अभ्युदय मध्यप्रदेश के दूसरे दिन महानाट्य विक्रमादित्य का मंचन
मध्यप्रदेश

अभ्युदय मध्यप्रदेश के दूसरे दिन महानाट्य विक्रमादित्य का मंचन

Swadesh Bhopal
|
3 Nov 2025 11:32 AM IST

मंच पर जीवंत हुई जन्म से लेकर सम्राट बनने तक की यात्रा

भोपाल'अभ्युदय मध्यप्रदेश' के दूसरे दिवस लाल परेड ग्राउंड में महानाट्य विक्रमादित्य का मंचन हुआ। भव्य ग्राफिक्स सेट पर कलाकारों ने प्रभावी अभिनय करते हुए विक्रमादित्य के जन्म से लेकर सम्राट बनने तक की यात्रा को मंच पर जीवंत कर दिया। इसके बाद हंसराज रघुवंशी के गीतों ने लाल परेड मैदान का माहौल भक्तिमय बना दिया। इसके पहले मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

महानाट्य में दिखी सम्राट की जीवन यात्रा

महानाट्य सम्राट विक्रमादित्य के मंचन राजधानी में पहली स्थापना दिवस पर किया गया है। इस महानाट्य की प्रस्तुति उज्जैन की संस्था विशाला सांस्कृतिक एवं लोकहित समिति द्वारा दी गई। संजीव मालवीय के निर्देशन में तैयार इस नाटक में कलाकारों के अभिनय, परिधान, संवाद और सेट ने जहां दर्शकों को जहां उत्कृष्ट कला से अवगत कराया। वहीं दूसरी ओर ऊंट, घोड़े, हाथी, पालकी, बग्गी इत्यादि ने वैभवशाली गौरव का आभास कराया। तीन अलग स्टेज पर अत्याधुनिक ग्राफिक, आश्रम एवं जंगल के भव्य सेट के साथ ही भव्य महाकाल मंदिर के प्रतिरूप सेट और 150 कलाकारों ने महानाट्य को जीवंत बना दिया। करीब 2.40 मिनट की इस नाट्य प्रस्तुति का आज सोमवार पुनः मंचन होगा।

मेरा भोला है भंडारी पर झूमा भोपाल

महानाट्य सम्राट विक्रमादित्य की यादगार प्रस्तुति के बाद यहां सुरों की ऐसी यात्रा आरंभ हुई, जिसमे दिव्यता, भव्यता और सुरों का आनंद था। मेरा भोला है भंडारी जैसे झूमने वाले गीतों के दौरान यह अवसर था चंडीगढ़ के गायक कलाकार हंसराज रघुवंशी द्वारा प्रस्तुत भजन संध्या का। पूरे ग्रुप के साथ वे जब मंच पर श्रोताओं से मुखातिब हुए तो उनके चाहने वालों ने जोरदार तालियों से उनका अभिनंदन किया।




मुख्यमंत्री ने अभिनंदन किया कलाकारों को

मुख्यमंत्री ने सभी कलाकारों का अभिनंदन करते हुए कहा कि इस प्रकार की सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ प्रदेश की कला, संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत को नई ऊँचाई तक ले जाती हैं। उन्होंने सम्राट विक्रमादित्य के शासन में लागू किए गए शौर्य, दानशीलता और न्याय के सिद्धांतों को भी याद किया।

उपस्थित अधिकारी और अतिथि

इस अवसर पर राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर, विधायक रामेश्वर शर्मा, भगवान दास सबनानी, नगरनिगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी सहित राज्य शासन के प्रमुख अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।

Similar Posts