मध्यप्रदेश
राम का काम अधूरा जब तक गंगा निर्मल और गौ सुरक्षित नहीं: उमा भारती
मध्यप्रदेश

राम का काम अधूरा जब तक गंगा निर्मल और गौ सुरक्षित नहीं: उमा भारती

Swadesh Bhopal
|
30 Oct 2025 9:39 AM IST

राजधानी में गौ संरक्षण संकल्प सभा को संबोधित

भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेत्री सुश्री उमा भारती ने गौ संवर्धन और गंगा की निर्मलता पर जोर दिया है। वे बुधवार को राजधानी भोपाल में आयोजित गौ संरक्षण संकल्प सभा को संबोधित कर रही थीं।

यह कार्यक्रम अयोध्या नगर स्थित दशहरा मैदान में माता बेटी बाई सोशल वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में संस्कृति राज्य मंत्री धर्मेंद्र लोधी और पूर्व मंत्री दीपक जोशी भी उपस्थित रहे।

गौ संवर्धन और गंगा निर्मलता पर जोर

अपने संबोधन में सुश्री भारती ने कहा कि जब तक देश में गौ संवर्धन नहीं होगा और गंगा निर्मल नहीं होगी, तब तक राम का कार्य अधूरा रहेगा। उन्होंने बताया कि आगामी 4 नवंबर से प्रयागराज में गंगा अभियान शुरू किया जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से गौ और गंगा संवर्धन का कार्य अपने हाथों से पूर्ण करने की अपील की।

सुश्री भारती ने कहा कि “गाय धर्मनिरपेक्षता (सेक्युलरिज्म) के नाम पर उपेक्षित हो रही है, क्योंकि गाय की बात करने पर मुसलमानों के नाराज होने का डर जताया जाता है।”

गायों के लिए गोचर भूमि सुनिश्चित करे सरकार

गायों के लिए बंजर भूमि पर नए गोचर (चारागाह) विकसित करने की आवश्यकता पर बल देते हुए उमा भारती ने आम जनता से भी गौ और गंगा संवर्धन में योगदान की अपील की। उन्होंने सरकार को सुझाव दिया कि लाड़ली बहनों फाउंडेशन के माध्यम से प्रत्येक बहन को एक-एक गाय दी जाए।

कुत्ता,बिल्ली पालने की अनुमति है,लेकिन गाय रखने की नहीं

उन्होंने कहा कि “शहरों में कुत्ता और बिल्ली पालने की अनुमति है, लेकिन गाय रखने की नहीं।” उमा भारती ने यह भी कहा कि हाईवे पर फेसिंग होनी चाहिए और उसके पीछे चारागाह बनाए जाने चाहिए, ताकि गायें सड़कों पर न आएं।

महिलाओं से शराबबंदी अभियान में सक्रिय होने का आह्वान

उन्होंने प्रदेश की महिलाओं से “काली” बनकर शराब दुकानों को समाप्त करने का आह्वान किया। उमा भारती ने कहा कि उन्होंने प्रदेश में शराबबंदी की लड़ाई लड़ी, जिसके बाद नई शराब नीति बनी और प्रदेश से अहाते समाप्त किए गए।

Similar Posts