< Back
मध्यप्रदेश
MP Cold Wave

MP Cold Wave 

मध्यप्रदेश

MP Cold Wave: भोपाल, जबलपुर समेत 17 शहर शीतलहर की चपेट में, कल्याणपुर - पचमढ़ी तापमान 1 डिग्री

Gurjeet Kaur
|
16 Dec 2024 7:46 AM IST

MP Cold Wave : मध्यप्रदेश। भोपाल - जबलपुर समेत मध्यप्रदेश के 17 शहर शीतलहर की चपेट में हैं। उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण मध्यप्रदेश में इस बार कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है। कल्याणपुर (शहडोल) और पचमढ़ी हिल स्टेशन में तो तापमान 1 डिग्री सेल्सियस के भी नीचे चला गया। कई शहरों में सोमवार सुबह तापमान 10 तो कहीं 5 डिग्री से भी नीचे रहा।

मौसम विभाग के अनुसार भोपाल, सीहोर, शहडोल, जबलपुर, खंडवा, सिवनी, राजगढ़, शाजापुर, उमरिया, मंडला, सिवनी, नौगांव और अनूपपुर समेत शिवनी, नीमच और सिंगरौली, पचमढ़ी में रविवार को शीतलहर का प्रभाव रहा। माना जा रहा है कि, बीते दशक में ऐसा पहली बार हुआ है जब दिसंबर में इतनी अधिक ठंड पड़ी है और पारा 10 डिग्री से कम पर लुढ़का है।

प्रदेश में परेशानी का सबब बनी ठंड की तेजी अब दो-चार दिन ही रहेगी। इसके बाद वह सामान्य स्तर पर आ जाएगी और लोगों को राहत मिलेगी। अभी पहाड़ों में बर्फबारी से ठंडी हवाएं कहर ढा रही हैं। इसके चलते भोपाल, इंदौर समेत प्रदेश के करीब 31 जिले शीतलहर की चपेट में है। यहां का पारा 10 डिग्री से नीचे से चला गया है। बीते चौबीस घंटों में शहडोल का कल्याणपुर और नर्मदापुरम का पचमढ़ी सबसे ठंड़ा रहा। यहां न्यूनतम तापमान एक डिग्री दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार से बुधवार (16 से 18 दिसंबर) तक कड़ाके की ठंड पड़ेगी। इसके बाद सिस्टम परिवर्तन की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक प्रमेंद्र कुमार ने बताया कि गुरुवार के बाद ठंड से राहत मिलने की संभावना है। फिलहाल अभी कोई नया सिस्टम बनता दिखाई नहीं दे रहा है।

इसलिये मौसम सामान्य हो जाने का अनुमान है। बता दें कि उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाएं बीते पांच दिन से प्रदेश में कहर ढा रही हैं। कई शहरों में रात में शीतलहर और दिन में कोल्ड डे की स्थिति है। जिसके कारण राजधानी समेत अनूपपुर और रतलाम जिलों में ठंड से मौतों के समाचार भी सामने आए हैं।

4.2 डिग्री तक गिरा राजधानी का पारा

इस बार भोपाल में सर्दी सभी रिकॉर्ड तोड़ने के करीब है। शनिवार के मुकाबले रविवार को इसमें हल्का सुधार दिखा है। बावजूद इसके 4.2 तक पारा गिर गया। इसके पहले शनिवार को यह 3.8 डिग्री तक चला गया था। जबकि राजधानी में 11 दिसंबर 1966 को 3.1 डिग्री तक तापमान दर्ज किया जा चुका है।

इसलिये ठिठुरा रही है ठंड

-पूर्वी राजस्थान और उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश के ऊपर एंटी साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है, जो अगले 48 घंटों तक उत्तरी हवाओं को बढ़ाएगा। उसके बाद, राज्य में पूर्वी हवाएँ चलेंगी।

-जम्मू संभाग से सटे मध्य पाकिस्तान के ऊपर एक ऊपरी चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जो औसत समुद्र तल से 1.5 और 3.1 किमी ऊपर है।

-औसत समुद्र तल से 12.6 किमी ऊपर 222 किमी प्रति घंटे की गति वाली मुख्य हवाओं के साथ उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम पूर्वोत्तर भारत में बनी रहेगी।

इन जिलों के लिये चेतावनी

भीषण शीत लहर/ठंडा दिन/पाला: शाजापुर, उमरिया, रायसेन, सीहोर, अनूपपुर, शहडोल, मंडला, आगर मालवा, छतरपुर।

भीषण शीत लहर: भोपाल, जबलपुर

शीत लहर/ शीत दिन: विदिशा, हरदा, बड़वानी, नीमच, मऊगंज, राजगढ़, बुरहानपुर, खंडवा, अलीराजपुर, झाबुआ, देवास, मंदसौर, अशोकनगर, शिवपुरी, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुरकलां, सिंगरौली, सतना, डिंडौरी, कटनी, सिवनी, बालाघाट, पन्ना, सागर, टीकमगढ़, मैहर और पांढुर्णा।

न्यूनतम तापमान

कल्याणपुर (शहडोल)1.0

पचमढ़ी (नर्मदापुरम) 1.0

उमरिया 2.3

मंडला 2.5

गिरवर (शाजापुर) 2.8

अमरकटंक(अनूपपुर) 3.2

प्रमुख शहरों का तापमान (डिग्री सेल्सियस में) :

भोपाल -10

इंदौर -9

भिंड -5

बुरहानपुर -9

दमोह -6

देवास -7

गुना - 8

ग्वालियर - 7

जबलपुर - 5

खंडवा - 8

मुरैना - 4

उज्जैन -6

रतलाम -7

रीवा -6

सतना - 8

(तापमान के यह आंकड़े सोमवार सुबह 8 बजे के हैं। आंकड़ों का स्त्रोत - Accuweather)

Similar Posts