< Back
मध्यप्रदेश
SI गंभीर रूप से घायल

SI गंभीर रूप से घायल

मध्यप्रदेश

खाकी बनी निशाना: MP में फिर पुलिस पर हमला! SI गंभीर रूप से घायल, जानिए पूरा मामला...

Rashmi Dubey
|
24 March 2025 12:04 AM IST

इछावर। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के इछावर में पुलिस टीम पर एक बार फिर हमला हुआ है। जानकारी के मुताबिक, कोर्ट मैरिज से जुड़े एक विवाद को सुलझाने पहुंची पुलिस टीम पर स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया। इस घटना में एक सब-इंस्पेक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अन्य जवानों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है। लगातार हो रहे ऐसे हमलों ने प्रदेश में पुलिस की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, खेरी गांव निवासी कमलेश ने हाल ही में गेरूखान (थाना बिलकिसगंज) की एक महिला से कोर्ट मैरिज की थी। शादी के बाद वह महिला को अपने गांव खेरी लेकर आ गया। जब इस विवाह की जानकारी महिला के परिजनों को मिली, तो वे शनिवार देर रात करीब 11 बजे खेरी गांव पहुंच गए। हालात बिगड़ने की आशंका के चलते कमलेश और उसके परिजन घबरा गए और घर छोड़कर फरार हो गए।

इस बीच, जब परिजनों ने कमलेश का घर सूना देखा तो उन्होंने तोड़फोड़ शुरू कर दी। घटना की सूचना ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एसआई रामनारायण धुर्वे दो आरक्षकों के साथ मौके पर पहुंचे। लेकिन वहां मौजूद आरोपियों (हेमराज, विशाल, गजराज, राहुल और भूरा) ने पुलिस टीम पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में एसआई गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अन्य पुलिसकर्मियों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। घायल एसआई को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पांच के खिलाफ मामला दर्ज

टीआई ब्रजेश कुमार ने बताया कि लड़की की कोर्ट मैरिज से नाराज़ परिजन युवक के घर पहुंचे और वहां तोड़फोड़ शुरू कर दी। घटना की सूचना मिलते ही एसआई और पुलिस जवान मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।

सात दिन में चौथी वारदात

प्रदेश में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। अलग-अलग जिलों से पुलिस पर हमले की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। बीते एक सप्ताह में यह चौथी घटना है, जिसमें पुलिस को निशाना बनाया गया है। इससे पहले मऊगंज जिले के शाहपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम गड़रा में एएसआई रामचरण गौतम और एक युवक सनी द्विवेदी की हत्या कर दी गई थी। वहीं दमोह के देहात थाना क्षेत्र में हथियार ज़ब्त करने गई पुलिस टीम पर आरोपी कासिम खान ने गोली चला दी थी, जिससे एक एएसआई घायल हो गया था। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें आरोपी कासिम के पैर में गोली लगी थी।

Similar Posts