< Back
मध्यप्रदेश
बुधनी हादसे पर सरकार का एक्शन, निर्माण विभाग के दो अधिकारी निलंबित, मृतकों को सहायता राशि मिलेगी

बुधनी हादसे पर सरकार का एक्शन

मध्यप्रदेश

MP News: बुधनी हादसे पर सरकार का एक्शन, निर्माण विभाग के दो अधिकारी निलंबित, मृतकों को सहायता राशि मिलेगी

Gurjeet Kaur
|
23 Dec 2024 11:42 PM IST

भोपाल। पीडब्ल्यूडी विभाग के दो अधिकारियों की लापरवाही के चलते तीन मजदूरों की मौत हो गई। बुधनी के सियागहन से मांगरोल मार्ग पर हुई इस दुर्घटना के बाद कलेक्टर द्वारा मृतकों के परिजनों के लिए सहायता राशि घोषित कर दी गई है। यही नहीं मोहन यादव सरकार ने लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ एक्शन भी लिया है। दोषी पाए जाने वाले निर्माण विभाग के दो अधिकारी निलंबित कर दिए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, संभाग बुधनी अंतर्गत लोक निर्माण विभाग की सियागहन से मांगरोल मार्ग पर निर्माणाधीन बाक्स कल्वर्ट के निर्माण कार्य के दौरान पूर्व से निर्मित दीवार के अचानक गिरने से चार मजदूर उसमें दब गये। प्रशासन द्वारा रेस्क्यू कर इन्हें बाहर निकाला गया। इस दुर्घटना में तीन मजदूरों की मृत्यु हो गई और एक मजदूर इलाज हेतु अस्पताल में भर्ती है। कलेक्टर द्वारा तीनो मृतकों के परिवार को 2 लाख की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई।

प्रारंभिक जांच में कार्य स्थल पर पर्यवेक्षण में लापरवाही पाई गई। मध्य प्रदेश सिविल सेवा नियम 1966 के नियम 9 के प्रावधानों के तहत लोक निर्माण विभाग के प्रभारी अनुविभागीय अधिकारी एसके जैन और उपयंत्री आरपी सिंह को प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

शाहगंज थाना प्रभारी पंकज वाडेकर ने जानकारी दी थी कि सियागहन गांव में यह हादसा हुआ। इस हादसे में मिट्टी के नीचे दबने से 3 मजदूरों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि रिटेनिंग वॉल बनाते समय यह हादसा हुआ। यहां पहले से बनी रिटेनिंग वॉल का स्लैब गिर गया। बता दें कि 4 मजदूर मलबे में दबे थे। इसमें 3 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई थी जबकि एक मजदूर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

मृतकों की हुई पहचान , घायल अस्‍पताल में भर्ती :

इस हादसे में करण (18) पिता घनश्याम, ग्राम धनवास मुरवास लटेरी निवासी, रामकृष्ण उर्फ रामू (32) पिता मांगीलाल गौड, ग्राम धनवास मुरवास लटेरी निवासी, भगवान लाल पिता बरसादी गौड़, ग्राम बेरखेड़ी निवासी, धरनावदा, गुना की मौत हो गई। घायल वीरेंद्र पिता सुखराम गौड (25) ग्राम धनवास लटेरी निवासी, विदिशा को नर्मदा हॉस्पिटल नर्मदापुरम रैफर किया गया है।

Similar Posts