मध्यप्रदेश
मध्यप्रदेश के बुजुर्गों को तीर्थ-दर्शन का इंतजार
मध्यप्रदेश

मध्यप्रदेश के बुजुर्गों को 'तीर्थ-दर्शन' का इंतजार

Swadesh Bhopal
|
23 Nov 2025 10:42 AM IST

13 अगस्त को उज्जैन से अयोध्या गई थी आखिरि यात्रा

मध्यप्रदेश में 13 साल पहले, जून 2012 में शुरू हुई मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के अंतर्गत अब तक हजारों वरिष्ठ नागरिक प्रमुख तीर्थस्थलों तक निःशुल्क यात्रा कर चुके हैं। बुजुर्गों के लिए यह योजना अब भी जारी है, लेकिन पिछले साढ़े तीन महीनों से नई तीर्थदर्शन यात्रा का कार्यक्रम तय नहीं हो सका है। सभी जिलों के बुजुर्ग नई यात्रा का इंतजार कर रहे हैं।

नया कार्यक्रम जारी, लेकिन यात्राएं शुरू नहीं हुईं

वर्ष 2025-26 के लिए मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना की यात्राओं का कार्यक्रम राज्य शासन, मध्यप्रदेश धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग द्वारा जारी किया गया है। यात्राएं 13 नवम्बर 2025 से 29 मार्च 2026 के बीच होनी थीं। पहली ट्रेन 13 नवम्बर को जबलपुर से तिरुपति के लिए रवाना होने वाली थी। लेकिन दो दिन पहले, 11 नवम्बर को धर्मस्व विभाग के संयुक्त संचालक ने अचानक इस यात्रा को निरस्त कर दिया।

अगस्त में उज्जैन से अयोध्या गई थी पिछली यात्रा

मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना की पिछली आखिरी ट्रेन 13 अगस्त 2025 को उज्जैन से अयोध्या के लिए रवाना हुई थी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस यात्रा को वर्चुअली हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। इस यात्रा में बुजुर्गों ने गंगा स्नान, भगवान विश्वनाथ के दर्शन के अलावा संत कबीर और संत रविदास की जन्मस्थली के दर्शन भी किए थे। इसके पहले आखिरी ट्रेन 26 फरवरी 2025 को भिंड से नागपुर के लिए रवाना हुई थी।

50 करोड़ से अधिक बजट, हवाई यात्रा भी जुड़ी

मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना का वार्षिक बजट 50 करोड़ रुपये से अधिक है। अप्रैल 2023 में मध्यप्रदेश सरकार ने इस यात्रा में हवाई सेवा भी जोड़ी थी। 21 मई 2023 को पहली हवाई यात्रा भोपाल से प्रयागराज के लिए 65 वर्ष से अधिक उम्र के 32 बुजुर्ग तीर्थयात्रियों के साथ रवाना हुई थी। अगस्त 2025 में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पर्यटन विभाग के सहयोग से योजना का दायरा और बढ़ाने की बात कही थी।

पिछले साल सितम्बर से फरवरी तक हुईं यात्राएं

वर्ष 2025-26 की 'मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन' धार्मिक यात्राएं 14 सितम्बर से शुरू होकर 26 फरवरी तक चली थीं। प्रदेश के 15 हजार से अधिक वरिष्ठ नागरिकों ने अलग-अलग शहरों में धार्मिक यात्राएं की। इनमें वाराणसी (काशी), रामेश्वरम, मथुरा-वृंदावन, अमृतसर, अयोध्या, द्वारका, जगन्नाथपुरी, शिडी और नागपुर जैसे प्रमुख धार्मिक स्थल शामिल रहे।

मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना में लगातार यात्राएं जारी हैं। इस वर्ष अब तक 8 ट्रेनें चलाई जा चुकी हैं। कुछ और ट्रेनें भी वरिष्ठ नागरिकों को लेकर तीर्थयात्रा के लिए रवाना होने वाली हैं।

धर्मेन्द्र सिंह लोधी, संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास और राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), धर्मस्व विभाग

Similar Posts