< Back
मध्यप्रदेश
CM Mohan Yadav

CM Mohan Yadav 

मध्यप्रदेश

भोपाल: 'रेड बुक' में लिखा है 21वीं सदी में भारत का PM देश को विश्व का नंबर एक देश बनाएगा - सीएम मोहन यादव

Gurjeet Kaur
|
16 April 2025 1:40 PM IST

भोपाल, मध्यप्रदेश। 'रेड बुक' में लिखा है 21वीं सदी में भारत का PM देश को विश्व का नंबर एक देश बनाएगा।' यह बात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को कही है। सीएम मोहन यादव BJP कार्यालय में बाबा साहेब अंबेडकर सम्मान अभियान में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान सीएम ने कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा।

सीएम मोहन यादव ने कहा - "कांग्रेस के लोग मोटी चमड़ी के होते हैं। बड़ी बेशर्मी से संविधान दिखाते हैं। संविधान लागू होने के बाद सबसे ज्यादा संविधान में परिवर्तन उन्हीं ने किया। जितने पाप उन्होंने किया, उनकी पीढ़ी उतनी ही उल्टी बात करती है। वे हमें संविधान दिखाते हैं...मूल संविधान में तो हमें भगवान राम से लेकर सभी की तस्वीरें भी दिखाई देती हैं। इनके गुटके में पता नहीं क्या है...मोल सिलेबस की किताब है ही नहीं। ये लोग तो लाल किताब दिखाते हैं। मुझे नहीं पता कि उन्हें ये विचार किस देश से मिले हैं।"

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने यह भी कहा कि, "इनके (कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी) खिलाफ अब चार्जशीट दायर हुई है। आज कांग्रेस के लोग आयकर ऑफिस का घेराव करने जा रहे हैं (कांग्रेस के कार्यकर्ता दरअसल ईडी कार्यालय का घेराव कर रहे हैं) क़ानून सबके लिए समान है। ये लोग सरकारी कार्यालय को घेरकर करेंगे क्या...संविधान ने हमें यह व्यवस्था दी है। इसके तहत कानून सबके लिए बराबर है।"

इस कार्यक्रम की तस्वीरें शेयर करते हुए सीएम मोहन यादव ने बताया - "आज भाजपा प्रदेश कार्यालय, भोपाल में आयोजित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सम्मान अभियान के अंतर्गत प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में सहभागिता कर दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक गणराज्य भारत के संविधान के प्रस्तावना को दोहराया।

यह प्रस्तावना हमारे राष्ट्र के उन मूल्यों और सर्वोत्कृष्ट आदर्शों का सार है, जो हमें एक सूत्र में बांधते हैं। बाबा साहेब का जीवन हमें सदैव सामाजिक न्याय, समानता और अटूट बंधुत्व के उन सिद्धांतों को अक्षुण्ण बनाए रखने की शक्ति प्रदान करते हैं; जिन पर हमारे गणराज्य की नींव टिकी है।"

"मध्यप्रदेश सरकार प्रधानमंत्री मोदी के 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास' के मंत्र को साकार करते हुए, बाबा साहेब की स्मृतियों को चिरस्थायी बनाने के लिए कृत संकल्पित है। हमने दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने वाली महत्वपूर्ण कामधेनु योजना को डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के रूप में नया नाम दिया है, जो वंचितों और किसानों के उत्थान के प्रति हमारी अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है।"

Similar Posts