< Back
मध्यप्रदेश
मंत्री के सामने की अधिकारियों की शिकायत, विधायक बोले - सरकारी अस्पताल में नशेड़ी डॉक्टर कर रहे इलाज

BJP MLA अमर सिंह यादव

मध्यप्रदेश

BJP MLA अमर सिंह यादव: मंत्री के सामने की अधिकारियों की शिकायत, विधायक बोले - सरकारी अस्पताल में नशेड़ी डॉक्टर कर रहे इलाज

Gurjeet Kaur
|
14 Nov 2024 9:14 PM IST

BJP MLA Amar Singh Yadav : मध्यप्रदेश के सरकारी अस्पताल में नशे में धुत्त डॉक्टर मासूमों की जान ले रहे हैं। इस बात की शिकायत खुद राजगढ़ के भाजपा विधायक अमर सिंह यादव ने प्रभारी मंत्री चैतन्य कश्यप से की है। एक बैठक में BJP MLA अमर सिंह यादव ने मंत्री चैतन्य कश्यप से कहा कि, डॉक्टर ने दारु पीकर इलाज किया जिसकी वजह से दो जानें चली गईं। मंत्री से शिकायत करते विधायक का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है।

बीजेपी विधायक के इस वीडियो को शेयर करते हुए कांग्रेस ने कहा कि, सवाल ये है कि ऐसे नशेलची डॉक्टर को बचा कौन रहा है? इस वीडियो के सामने आने के बाद एक बार फिर बीजेपी विधायकों की अधिकारियों के प्रति नाराजगी उजागर हुई है।

जानकारी के अनुसार इस बैठक में तीन मंत्री मौजूद थे। बैठक के बीच में विधायक अपनी बात कहने के लिए खड़े हुए और थोड़ा भावुक भी हो गए। उन्होंने कहा कि, 'सरकारी अस्पताल में डॉक्टर नशा करके इलाज करता है। नशे में इलाज करने के कारण दो महिलाओं की मौत हो गई। जब महिलाओं की मौत के खिलाफ हमारे लोगों ने डॉक्टर पर कार्रवाई की बात कही तो पुलिस उल्टा उन लोगों को ही पीटा।'

'कुछ लोगों ने जब डॉक्टर से अभद्र व्यवहार किया तो उन्हें तो उल्टा लटका दिया गया। स्थिति यह है हमें शर्मिंदगी महसूस हो रही है। ये क्या है... कलेक्टर साहब ने भी कोई कार्रवाई नहीं की। इस बैठक में कलेक्टर भी मौजूद थे। जब कलेक्टर ने जवाब देना शुरू किया तो विधायक ने कहा कि, एक डॉक्टर नशा करके इलाज करता है और औरत की मौत हो गई क्या प्रशासन इसे लेकर गंभीर नहीं है।'

विधायक की शिकायत सुनने के बाद मंत्री चैतन्य कश्यप ने कलेक्टर को डॉक्टर के खिलाफ जांच और कार्रवाई करने को कहा है। उन्होंने यह भी कहा कि, इस तरह की गलती बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Similar Posts