< Back
मध्यप्रदेश
छतरपुर के बाद शिवपुरी में दबंगाई का मामला, महिला से मारपीट, 9 राउंड फायरिंग भी हुई

छतरपुर के बाद शिवपुरी में दबंगाई का मामला, महिला से मारपीट, 9 राउंड फायरिंग भी हुई

मध्यप्रदेश

कानून व्यवस्था पर सवाल: छतरपुर के बाद शिवपुरी में दबंगाई का मामला, महिला से मारपीट, 9 राउंड फायरिंग भी हुई

Gurjeet Kaur
|
22 Jun 2025 12:19 PM IST

मध्यप्रदेश। छतरपुर का मामला अभी सुलझा भी नहीं था कि, शिवपुरी से दबंगई एक नया मामला सामने आया है। यहां दिनदहाड़े पूर्व सरपंच के घर गुंडों ने हमला कर दिया। इसके बाद चार आरोपियों ने 9 राउंड फायरिंग की और एक महिला और युवक से मारपीट की। पुलिस ने SC/ST एक्ट और हत्या की कोशिश में केस दर्ज किया है।

बताया जा रहा है कि, पूर्व दलित सरपंच के घर फायरिंग करने वाले ये आरोपी कुछ समय पहले ही जेल से छूटे हैं। जो वीडियो सामने आया है उसमें ये आरोपी मारपीट और गाली गलौच करते नजर आ रहे हैं।

इस वीडियो को शेयर करते हुए कांग्रेस नेता अरुण सुभाष यादव ने कहा है कि, 'कल छतरपुर और अलीराजपुर के दिल दहलाने वाले वीडियो सामने आये थे, जिसमें महिलाओं को अगवा किया था और अब शिवपुरी से वीडियो आया है, जहां खुलेआम फायरिंग हो रही है। मध्यप्रदेश में जंगलराज चल रहा है। प्रदेश में गुंडागर्दी चरम पर है, गुंडों को पुलिस का डर नहीं बचा है।'

छतरपुर में बंदूक की नोक पर महिला और उसके बच्चे का अपहरण :

छतरपुर में बंदूक की नोक पर किडनैप किए गए महिला और बच्चे का 24 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं है। शनिवार को बंदूक की नोक पर महिला और उसके बच्चे का किडनैप किया गया था। कुख्यात डकैत पंचू लोधी का बेटा है संजय इस मामले में मुख्य आरोपी है। वो अपने एक दर्जन हथियारबंद साथियों के साथ गांव में आया और घर में घुसते ही फायरिंग शुरू कर दी। महिला के पति को भी मारा - पीटा गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है।

बताया गया कि, संजय महिला पर बुरी नजर रखता था। इस बात की शिकायत उसने अपने परिवार वालों से की थी। जब वह घर के सामने बैठकर उसे घूर रहा था तो महिला के पति ने विरोध किया। इसके बाद संजय अपने साथियों के साथ आया और महिला को उसके बच्चों समेत किडनैप करके ले गया। पुलिस ने आरोपी के ऊपर इनाम घोषित कर टीम को उसके पीछे लगाया है।

छतरपुर एसपी का कहना है कि, थाना लवकुशनगर अंतर्गत ग्राम सुमेड़ी में हुई गंभीर घटना के संबंध में हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु 5 विशेष टीमें गठित की गईं व 10,000 रुपए के इनाम की घोषणा की गई है। अब तक 5 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। घटना में प्रयुक्त चार व दो पहिया सहित 4 वाहन जप्त। विवेचना जारी है, शेष आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Similar Posts