
भोपाल-इंदौर राजमार्ग पर 31 करोड़ से बनेगा फ्लाइओवर
|11 मील खजूरी जंक्शन पर सिक्सलेन होगा ब्रिज
विस अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और विधायक रामेश्वर शर्मा ने किया भूमिपूजन
भोपाल-राजधानी के राजमार्ग 11 मील खजूरी जंक्शन पर 31 करोड़ रुपए की लागत से सिक्सलेन फ्लाइओवर बनाया जाएगा। इसके बनने से जंक्शन पर होने वाले यातायात जाम और सड़क हादसों से मुक्ति मिलेगी। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों का विकास भी आसानी से संभव होगा। इस मार्ग से रोज़ाना करीब 20 हजार से अधिक वाहन गुजरते हैं।विस अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और विधायक रामेश्वर शर्मा ने फ्लाइओवर के लिए भूमिपूजन किया। उज्जैन में सिंहस्थ के दौरान यह फ्लाइओवर ट्रैफिक और भीड़ प्रबंधन में काफी मददगार साबित होगा।
बायपास जंक्शन पर जाम से मिलेगी राहत
विधायक रामेश्वर शर्मा ने बताया कि इस फ्लाइओवर के बनने से इंदौर-भोपाल हाईवे और भोपाल बायपास जंक्शन पर लगने वाले जाम से मुक्ति मिलेगी। वहीं, आने वाले सिंहस्थ में बढ़ने वाले ट्रैफिक के दबाव को भी यह सिक्सलेन फ्लाइओवर नियंत्रित करेगा।
शहर की तरह विकसित हो रहे हुजूर के गांवः तोमर
भूमिपूजन के अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि विधायक शर्मा के नेतृत्व में हुजूर के ग्रामीण क्षेत्र भी शहर की तरह विकसित हो रहे हैं। हुजूर विस में पिछले 5 दिनों में 100 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन हो चुका है। इनमें कोलार के मंदाकिनी चौराहा से दानिशकुंज चौराहा तक फोरलेन निर्माण, सूखी सेवनिया सिक्सलेन फ्लाइओवर आदि शामिल हैं। इस मौके पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और एपीआरडीसी के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
उज्जैन सिंहस्थ से पहले बनेगा फ्लाइओवर
एमपीआरडीसी के अधिकारियों ने बताया कि उज्जैन में 2028 में सिंहस्थ होगा। इससे पहले फ्लाइओवर बनाने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि राहगीरों को कोई परेशानी न हो। एमपीआरडीसी को 18 महीनों के अंदर फ्लाइओवर निर्माण पूरा करना है। फ्लाइओवर और सर्विस रोड पर लाइट भी लगाई जाएगी। कुल 31 करोड़ रुपए की लागत से यह फ्लाइओवर 850 मीटर लंबी बनेगी। इसे मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम बनाएगा। भोपाल-इंदौर स्टेट हाईवे भी एमपीआरडीसी ने ही बनाया था।