< Back
मध्यप्रदेश
बैरसिया - नरसिंहगढ़ मार्ग पर आवाजाही बंद, 49 साल पुराना पार्वती पुल धंसा, एक्सपर्ट करेंगे निरीक्षण
मध्यप्रदेश

भोपाल: बैरसिया - नरसिंहगढ़ मार्ग पर आवाजाही बंद, 49 साल पुराना पार्वती पुल धंसा, एक्सपर्ट करेंगे निरीक्षण

Gurjeet Kaur
|
16 Jan 2025 11:30 PM IST

भोपाल। राजधानी भोपाल के बैरसिया - नरसिंहगढ़ मार्ग पर 49 साल पुराना पुल धंस गया है। पुल के धंसने से इस मार्ग पर आवाजाही बंद कर दी है। बैरसिया नरसिंहगढ़ मार्ग पर पार्वती नदी के पुल में पहले क्रैक आए थे जिसके बाद भारी वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। कुछ देर बाद यह पुल धंस गया। एसडीएम ने मौके पर पहुंच कर स्थिति का मुआयना किया है। शुक्रवार को एक्सपर्ट्स की एक टीम मामले की जांच करेगी।

नरसिंहगढ़ के पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने भी स्थिति का मुआयना किया है। पुल धंसने की जानकारी मिलने पर एडीएम तत्काल मौके पर पहुंचे थे। मार्ग को बैरिकेडिंग कर ब्लॉक कर दिया गया है। रास्ते से जाने वाले वाहनों को दूसरी ओर डायवर्ट किया गया है। बताया गया है कि पुल 1976 में तैयार किया गया था।

एसडीएम ने सड़क विकास निगम को पत्र लिखकर बताया है कि, यह पुल क्षतिग्रस्त हो गया है। इस मार्ग से आवाजाही पर जानमाल को नुकसान हो सकता है। प्रारंभिक जांच के अनुसार पुल के पिलर के नीचे एक गड्ढा हो गया है। इसी कारण पुल धंसने की स्थिति में है।

शुक्रवार को जांच दल इस पुल का मुआयना कर वैकल्पिक मार्गों की जांच करेगा। इस मार्ग से आवाजाही पूर्ण रूप से बंद करने के लिए एसडीएम ने पत्र में विनती की है। मंगलगढ़ और बड़ायठा के बीच पार्वती नदी पर यह पुल बना था। नरसिंहगढ़ से नजीराबाद जाने के लिए इस मार्ग का उपयोग न करने की सलाह दी गई है।

बता दें कि, राजगढ़ और भोपाल की सीमा पर पार्वती नदी पर बना यह पुल नरसिंहगढ़ को भोपाल, विदिशा और बैरसिया से जोड़ता है। दो साल पहले ही इस पुल की मरम्मत का कार्य हुआ था।

Similar Posts