< Back
खेल
कप्तान बनते ही शार्दुल ठाकुर ने 33 गेंदों में वनडे जीतकर बनाया हैरतअंगेज रिकॉर्ड, जानिए कैसे
खेल

Vijay Hazare Trophy: कप्तान बनते ही शार्दुल ठाकुर ने 33 गेंदों में वनडे जीतकर बनाया हैरतअंगेज रिकॉर्ड, जानिए कैसे

Rashmi Dubey
|
27 Dec 2024 4:46 PM IST

Mumbai Vs Arunachal: विजय हजारे ट्रॉफी में मुंबई ने अद्भुत प्रदर्शन किया। अहमदाबाद स्थित गुजरात कॉलेज ग्राउंड पर खेले गए मैच में मुंबई ने अरुणाचल प्रदेश को 9 विकेट से हराया। खास बात यह है कि मुंबई ने यह मुकाबला केवल 33 गेंदों में जीत लिया। अरुणाचल प्रदेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए महज 73 रन बनाए और उनकी टीम 32.2 ओवरों में सिमट गई। इसके जवाब में मुंबई ने केवल 5.3 ओवरों में 1 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ मुंबई ने विजय हजारे ट्रॉफी में अपनी सबसे तेज जीत का रिकॉर्ड भी बना लिया। दिलचस्प यह है कि इस मैच में मुंबई के कप्तान श्रेयस अय्यर नहीं, बल्कि शार्दुल ठाकुर थे।

अरुणाचल प्रदेश के बल्लेबाज हुए नाकाम

श्रेयस अय्यर को इस मुकाबले के लिए आराम दिया गया, और शार्दुल ठाकुर को मुंबई की कप्तानी सौंपी गई। शार्दुल की कप्तानी में मुंबई के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। खुद कप्तान ठाकुर ने 3 ओवर में केवल 8 रन देकर 2 विकेट झटके। हर्ष तन्ना, हिमांशु सिंह और अंकोलेकर ने भी 2-2 विकेट लिए। अरुणाचल प्रदेश के बल्लेबाजों की स्थिति खराब रही, क्योंकि उनके टॉप 4 में से 3 बल्लेबाज बिना खाता खोले आउट हो गए। सबसे ज्यादा रन 10वें नंबर के बल्लेबाज याब निया ने बनाए, जिन्होंने 17 रन बनाये।

अंगकृष रघुवंशी की तूफानी बैटिंग

मुंबई के अंगकृष रघुवंशी ने पारी की शुरुआत करते हुए शानदार बल्लेबाजी का नजारा पेश किया। उन्होंने 18 गेंदों पर 50 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेलते हुए 9 चौके और एक छक्का लगाया। मुंबई का एकमात्र विकेट आयुष म्हात्रे के रूप में गिरा, जिन्होंने 11 गेंदों पर 15 रन बनाए। टूर्नामेंट की अंक तालिका की बात करें तो ग्रुप सी में मुंबई 3 में से 2 मैच जीतकर दूसरे स्थान पर है। पहले स्थान पर कर्नाटक है, जिसने तीनों मैच जीते हैं। पंजाब तीसरे और सौराष्ट्र चौथे स्थान पर है।

Similar Posts