< Back
खेल
न्यूजीलैंड टीम के लिए शर्मनाक दिन, नाइजीरिया ने वर्ल्ड कप में बदल दिया क्रिकेट का इतिहास
खेल

T20 World Cup: न्यूजीलैंड टीम के लिए शर्मनाक दिन, नाइजीरिया ने वर्ल्ड कप में बदल दिया क्रिकेट का इतिहास

Rashmi Dubey
|
20 Jan 2025 2:10 PM IST

Nigeria Beat New Zealand Womens T20 World Cup : आईसीसी अंडर-19 महिला टी20 वर्ल्ड कप का 11वां मुकाबला एक ऐतिहासिक मोड़ पर पहुंचा। इस मुकाबले में नाइजीरिया ने न्यूजीलैंड जैसी बड़ी टीम को हराया। बारिश के कारण मैच को 13-13 ओवरों में सीमित किया गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए नाइजीरिया महिला टीम ने 13 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 65 रन बनाए। इसके जवाब में, न्यूजीलैंड महिला टीम 6 विकेट खोकर 63 रन ही बना सकी, और इस तरह उन्हें महज 2 रन से हार का सामना करना पड़ा।

नाइजीरिया की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अच्छी शुरुआत नहीं की। दोनों सलामी बल्लेबाज क्रमशः 1 और 3 रन ही बना सकीं, और टीम महज 27 रन तक तीन विकेट गंवा चुकी थी। इसके बाद कप्तान लकी पिटी ने मोर्चा संभाला और 22 गेंदों में 1 चौका और 1 छक्के की मदद से 18 रन बनाए। उनकी शानदार पारी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला। साथ ही, लिलियन उडेह ने 25 गेंदों पर 19 रन की पारी खेली। इन योगदानों की बदौलत नाइजीरिया टीम 65 रन बनाने में सफल रही।

नाइजीरिया ने न्यूजीलैंड को हराकर रचा इतिहास


नाइजीरिया ने आईसीसी अंडर-19 महिला टी20 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड को हराकर इतिहास रच दिया। जवाब में टारगेट का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। सलामी बल्लेबाज केट इरविन बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गईं, जबकि एमा मैकलियोड सिर्फ 3 रन ही बना सकीं। ईव वोलैंड ने 14 रन बनाए और अनिका टोड ने 27 गेंदों पर 19 रनों की पारी खेली। लेकिन, न्यूजीलैंड टीम नियमित अंतराल पर अपने विकेट गंवाती रही और महज 63 रन बनाकर हार गई। इस जीत के साथ, नाइजीरिया ने अंडर-19 महिला वर्ल्ड कप इतिहास में अपनी पहली जीत दर्ज की।

अन्य मुकाबलों की स्थिति


दूसरी ओर, ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश को हराकर अपनी दूसरी जीत हासिल की, जबकि यूएसए ने आयरलैंड महिला टीम को हराया। भारतीय टीम ने भी एक मैच जीत लिया है और अब उनका अगला मुकाबला 21 जनवरी को मलेशिया के खिलाफ होगा। इस मुकाबले में भारत के पास एक और शानदार जीत का मौका होगा।

Similar Posts